संत कबीर नगर। खलीलाबाद की धरती एक बार फिर सिनेमा की चमक से रोशन हुई, जब सुरभि माधव इंटरटेनमेंट के बैनर तले बनने जा रही भोजपुरी फिल्म “बहन की शादी” का भव्य मुहूर्त बड़े ही उत्साह और श्रद्धा के साथ सम्पन्न हुआ। ZIFC म्यूजिक के सहयोग से बन रही यह फिल्म भाई-बहन के अटूट, निश्छल और त्यागमयी रिश्ते को बेहद मार्मिक अंदाज में पर्दे पर उतारने जा रही है।
फिल्म की कहानी एक ऐसे भाई-बहन के इर्द-गिर्द घूमती है, जो माता-पिता के निधन के बाद मंदिर में रहकर अपना जीवन यापन करते हैं। भोला-भाला और मंदबुद्धि भाई, जिसकी मासूमियत ही उसकी पहचान है, और दूसरी ओर उसकी बहन, जो माँ बनकर उसका पालन-पोषण करती है—दोनों के बीच का प्रेम दर्शकों को भावुक कर देने वाला है।
कहानी में उस समय बड़ा मोड़ आता है जब बहन के साथ अन्याय होता है और वह समाज के तानों व अत्याचार का सामना करते हुए भी अपने भाई की सुरक्षा के लिए सच्चाई छुपा लेती है। वहीं ‘बिजली’ नाम की युवती इस अन्याय के खिलाफ खड़ी होती है और सच्चाई सामने लाने में अहम भूमिका निभाती है। फिल्म में समाज की कुरीतियों, सत्ता के दंभ और एक बहन के संघर्ष को बेहद संवेदनशीलता के साथ दिखाया गया है।
क्लाइमेक्स में भाई का अपनी बहन के लिए बलिदान दर्शकों की आंखें नम कर देगा, जहां एक तरफ बहन मां बनती है, वहीं दूसरी ओर भाई अपनी जान देकर उसके सम्मान की रक्षा करता है। यह दृश्य फिल्म की आत्मा साबित होगा।
फिल्म के निर्माता डॉ. बी.एम. राय और निर्देशक धीरज श्रीवास्तव “प्रिंस” ने बताया कि यह फिल्म केवल मनोरंजन ही नहीं बल्कि समाज को एक गहरा संदेश भी देगी। म्यूजिक डायरेक्टर साजन मिश्रा के संगीत से सजी यह फिल्म दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाएगी।
फिल्म की मजबूत टीम में क्रिएटिव डायरेक्टर सतेंद्र त्रिपाठी, लेखक पीयूष श्रीवास्तव, कैमरामैन योगेश साहनी, मार्केटिंग हेड प्रमोद कुमार और PRO अरविंद मौर्या व रामचंद्र यादव शामिल हैं।
स्टार कास्ट में माधव कुमार राय, चांदनी सिंह, मनीषा यादव, संतोष श्रीवास्तव, रागनी यादव, मनोज माही और अविनाश कुमार जैसे कलाकार अपनी अभिनय प्रतिभा का जलवा बिखेरेंगे।
“बहन की शादी” एक साफ-सुथरी, पारिवारिक और भावनात्मक फिल्म है, जो भाई-बहन के रिश्ते की गहराई को नए आयाम देने के लिए तैयार है। यह फिल्म निश्चित ही दर्शकों के दिलों को छूने वाली साबित होगी।