राहगीर को पीट लैपटॉप लूट ले गये युवक !
गोरखपुर व्यूरों: गोरखनाथ ओवरब्रिज के नीचे बीती रात करीब दो बजे दो युवकों ने एक व्यक्ति को मारपीट कर एचपी कंपनी का लैपटॉप लूट लिया। रूद्रपुर के रहने वाले वेद व्यास निषाद बताते हैं कि वह नोएडा की एक कंपनी में कार्यरत हैं। रात में वह कानपुर से गोरखपुर बस स्टेशन पहुंचे। यहां से ऑटो से गोरखनाथ ओवरब्रिज के पास उतर गये। चूंकि वह संकटमोचन नगर में किराए के मकान में रहते हैं । रात करीब दो बजे गोरखनाथ ओवरब्रिज के नीचे दो युवक पहले से खड़े थे। नजदीक पहुंचते ही एक ने उन्हें डंडे से पीटना शुरू कर दिया। जबकि दूसरे ने बैग छीन लिया। बैग में लैपटॉप, पेट्रोलपंपों के सर्वे संबंधित 16 पन्नों की रिपोर्ट और माइग्रेन की दवाएं थीं। घटना के बाद पीडि़त ने 112 नंबर पर फोन कर जानकारी दी। मौके पर गोरखनाथ थाने की भी पुलिस पहुंची। बताते हैं कि घटना आसपास लगे सीसीटीवी के फुटेज में रिकार्ड है। फिलहाल वेद व्यास ने तहरीर देकर लैपटॉप बरामद करते हुए लुटेरों को पकडऩे की गुहार लगाई है।