सीएम योगी के स्वागत के लिए गेरुआ रंग में रंगे युवा

गोरखपुर व्यूरों: गुरुवार को सहजनवां में सीएम योगी के स्वा़गत का उत्साह देखते ही बनता था। कुछ युवा तो अपना पूरा शरीर गेरुआ से रंग कर आए थे। शरीर पर गेरुआ वस्त्र भी धारण किए थे और सफेद रंग से जगह-जगह सीएम योगी के स्वागत के नारे लिखे थे। सहजनवां में सीएम ने गैलेंट ग्रुप द्वारा सीएसआर (कार्पोरेट सोशल रिस्पां सिबिलिटी) के तहत नवनिर्मित सड़क और सरकारी स्कूल के जीर्णोद्वार और सुंदरीकरण के काम का लोकार्पण किया। इस मौके पर उद्यमी चंद्रप्रकाश अग्रवाल ने मुख्यमंत्री का भोजपुरी में स्वागत किया। कहा कि एक जमाने में गोरखपुर को शिकागो के बाद अपराध में सर्वाधिक लिप्त शहर का तमगा मिला था। अब मुख्यमंत्री के नेतृत्व में गोरखपुर की छवि बदल चुकी है। यहां विकास के काम हो रहे हैं। पूरी तस्वीर बदल चुकी है। गैलेंट ग्रुप की प्रगति के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि 5 लाख की कंपनी अब 2000 करोड़ की बन चुकी है। स्टील प्लांट की श्रेणी में कंपनी देश की टॉप टेन कंपनी में है। हम स्टील ही नहीं बनाते हैं, सामाजिक सरोकार में भी अग्रणी हैं। मुख्यमंत्री की प्रेरणा से बसिया गांव में 2.50 करोड़ की लागत से विकास कार्य हुआ है। गैलेंट ने एम्स में 11 करोड़ की लागत से अतिथि गृह निर्माण का भी प्रस्ताव दिया है। इसकी मंजूरी मिली तो काम जल्द शुरू होगा। कार्यक्रम में सहजनवां के विधायक शीतल पांडेय ने कहा कि योगी आदित्यनाथ देश के 27 प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों में नंबर वन हैं। सहजनवा में मुख्यमंत्री की कृपा की बारिश हो रही है। वर्षों से रुके कामों को मुख्यमंत्री ने पूरा किया। नदियों पर वर्षों से लंबित पुल और अप्रोच का काम पूरा हुआ है। सहजनवां में तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा मिल रहा है। विधायक ने पाली ब्लाक में बालिकाओं के लिए इंटर कालेज खोलने की मांग रखी। सहजनवां के कार्यक्रम में मंच पर भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष डा.धर्मेन्द्र सिंह, नगर विधायक डॉ राधा मोहन दास अग्रवाल, विधायक शीतल पांडेय, महापौर सीताराम जायसवाल, पिपराइच विधायक महेंद्र पाल सिंह, बांसगांव विधायक डॉ विमलेश पासवान, खजनी के विधायक संत प्रसाद आदि भी मौजूद रहे।