उपमुख्यमंत्री के निर्देश पर डीएम को कार्रवाई के आदेश, मंगलवार को जारी हुआ पत्र

संतकबीरनगर। जिले के ग्राम चंगेरा मंगेरा निवासी एवं पूर्व भाजपा बूथ अध्यक्ष सुबाष की शिकायत पर गाटा संख्या 375 में कथित गलत हिस्साकशी के मामले में शासन स्तर पर कार्रवाई शुरू हो गई है। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मामले का संज्ञान लेते हुए मंगलवार को जिलाधिकारी संतकबीरनगर को जांच कराने और नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए हैं।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि गाटा संख्या 375 में बिना पूर्व सूचना और सहमति के कथित रूप से गलत हिस्साकशी कर दी गई। इस संबंध में पहले तत्कालीन जिलाधिकारी को भी शिकायत दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद मामला उपमुख्यमंत्री के समक्ष उठाया गया।
शिकायत पत्र में राजस्व अभिलेखों की निष्पक्ष जांच कराकर त्रुटि पाए जाने पर संशोधन, दोषी अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई तथा गाटा संख्या 281, 354 और 375 से संबंधित भूमि के विक्रय, बैनामा और मिट्टी की खुदाई पर अंतिम निर्णय तक रोक लगाने की मांग की गई है।
उपमुख्यमंत्री ने अपने आदेश में जिलाधिकारी को सक्षम अधिकारी से जांच कराकर नियमानुसार निस्तारण कराने तथा शिकायतकर्ता को कार्रवाई से अवगत कराने के निर्देश दिए हैं। अब मामले की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।