
संत कबीर नगर – आज दिनांक 17 अप्रैल 2026 को गंगा देवी कपिल देव तिवारी पीजी कॉलेज भुजैनी संत कबीर नगर में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वामी विवेकानंद एवं सरदार वल्लभभाई पटेल इकाइयों के संयुक्त तत्वाधान में नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 प्रचार अभियान के संदर्भ में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का प्रारंभ महिला स्वयंसेवियों द्वारा मानव श्रृंखला बनाकर की गई।
तत्पश्चात स्वयंसेवियों को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ०संतोष कुमार सिंह ने कहा कि दिनांक 16 से 18 अप्रैल तक आयोजित होने वाला विशेष संसद सत्र नारी शक्ति वंदन के संदर्भ में अत्यंत महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक है, यह सत्र महिला सशक्तिकरण की दिशा में नए अध्याय का प्रतीक होगा। स्वामी विवेकानंद इकाई के कार्यक्रम अधिकारी डॉ० रंगनाथ तिवारी ने कहा कि यदि किसी समूह का राजनीतिक व्यवस्था में आनुपातिक प्रतिनिधित्व नहीं होता तो नीति निर्माण को प्रभावित करने वाली उसकी क्षमता सीमित हो जाती है,इसलिए महिलाओं के विरुद्ध सभी प्रकार के भेदभाव के उन्मूलन के दृष्टिगत यह कानून महत्वपूर्ण है।
महाविद्यालय की प्रवक्ता श्रीमती पूजा पुष्पांजलि ने कहा कि नारी शक्ति वन्दन अधिनियम लागू होने से नीति निर्माण और शासन प्रक्रिया में महिलाओं की भागीदारी प्रतीकात्मक न रहकर निर्णायक बनेगी जो विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की प्राप्ति में सहायक होगी।
इस अवसर पर महाविद्यालय की सहयोगी श्रीमती शशि चौधरी एवं श्रीमती विनीता प्रजापति ने भी नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 के संदर्भ में अपने -अपने विचार प्रस्तुत किए।
सरदार वल्लभभाई पटेल इकाई के कार्यक्रम अधिकारी डॉ०विनीत कुमार गौड़ ने महिला शक्ति वंदन अधिनियम 2023 के तकनीकी पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आरक्षण प्रारंभ में 15 वर्षों के लिए होगा,जिसे संसद बाद में कानून बनाकर बढ़ा सकती है।कार्यक्रम का संचालन हरिशंकर शुक्ला ने किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय में संचालित राष्ट्रीय सेवा योजना के दोनों इकाइयों के स्वयंसेवी एवं महाविद्यालय के प्राध्यापक गण उपस्थित रहे।
के के मिश्रा जर्नलिस्ट