- जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आयोजित हुआ कार्यक्रम
संतकबीरनगर : जनपद न्यायाधीश रणधीर सिंह के निर्देशन व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव व सिविल जज (सी.डि.) सुनील सिंह के पहल पर मंगलवार को मेंहदावल बाईपास चौराहे पर डा.भीमराव अंबेडकर की जयंती मनाई गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के चीफ अन्जय कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि शिक्षा को हथियार बनाकर डा.अम्बेडकर ने संपूर्ण जीवन समानता के लिए संघर्ष किया।
उन्होंने कहा कि भारत रत्न डा.भीमराव अंबेडकर की 135 वीं जयंती पूरे देश में धूमधाम से मनाई जा रही है। हिंदू कोड बिल के माध्यम से महिलाओं को संपत्ति, तलाक और समानता का अधिकार दिलाने का प्रयास किया। आजाद भारत के प्रथम कानून मंत्री बनकर देश व समाज में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
नगर पालिका खलीलाबाद के अधिशाषी अधिकारी अवधेश भारती ने कहा कि संविधान के माध्यम से मौलिक अधिकारों की गारंटी देकर उन्होंने वंचित वर्गों को सामाजिक व आर्थिक न्याय प्रदान करने का कार्य किया। उन्होंने ‘शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो’ का नारा देकर वंचितों को सशक्त बनने की प्रेरणा दी। इस दौरान मुख्य रुप से नगर पालिका खलीलाबाद के पंकज कुमार, पीएलवी अरविंद राय, मनीष वर्मा, अनिल राय, सोनी वर्मा समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।