संतकबीरनगर : जनपद न्यायाधीश रणधीर सिंह के निर्देशन व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव व न्यायिक अधिकारी सुनील कुमार सिंह के पहल पर शुक्रवार को लीगल एड डिफेंस काउंसिल की टीम जिला कारागार पहुंची। उन्होंने विभिन्न बंदियों की समस्या सुनकर उनके निराकरण हेतु आश्वासन दिया।
बलिया कोर्ट से छेड़छाड़ व दुष्कर्म की सजा काट रहे सिकंदरपुर निवासी बादल शेख ने कहा कि वह जुर्माना न अदा कर पाने के कारण रिहा न हो पा रहा है। कोतवाली खलीलाबाद के बरई टोला निवासी सुधीर चौरसिया ने कहा कि वह चोरी के आरोप में जिला कारागार में निरुद्ध है। उसकी जमानत हो गई है। जमानतदार के अभाव में रिहा नही हो पा रहा है। बेलहरकला थानाक्षेत्र निवासी नीरज यादव ने कहा कि लड़की भगा ले जाने के मामले में कारागार में निरुद्ध है। उसने सरकारी अधिवक्ता की मांग की। इस प्रकार दर्जनों बंदियों ने अपनी समस्या रखी, जिसके निराकरण कराए जाने हेतु आश्वासन दिया गया। इस दौरान मुख्य रुप से लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के चीफ अन्जय कुमार श्रीवास्तव, डिप्टी संजीव कुमार पांडेय, असिस्टेंट डिफेंस काउंसिल मो. दानिश तथा डिप्टी जेलर हरिकेश व जेल पीएलवी सुनील समेत अन्य लोग मौजूद रहे।