रीबू श्रीवास्तव बोलीं — PDA की एकजुटता से ही मजबूत होगा सामाजिक न्याय का आंदोलन
संत कबीर नगर – जनपद के बघौली स्थित कोपेश्वरनाथ शिव मंदिर परिसर में समाजवादी पार्टी महिला सभा द्वारा आयोजित PDA जन चौपाल कार्यक्रम उत्साह और जोश के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में समाजवादी महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष रीबू श्रीवास्तव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला सभा की प्रदेश उपाध्यक्ष प्रिया पाठक ने की।अपने संबोधन में प्रदेश अध्यक्ष रीबू श्रीवास्तव ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा से पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक समाज के अधिकारों और सम्मान की लड़ाई लड़ती रही है। उन्होंने कहा कि PDA की एकजुटता ही सामाजिक न्याय के आंदोलन को मजबूती दे सकती है। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में आगे बढ़कर अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाएं।कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं प्रदेश उपाध्यक्ष प्रिया पाठक ने कहा कि समाजवादी विचारधारा समानता, भाईचारे और न्याय की भावना पर आधारित है। PDA जन चौपाल के माध्यम से समाज के हर वर्ग तक पार्टी की नीतियों और जनहित के मुद्दों को पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे आम जनता को जागरूक और संगठित किया जा सके।इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अब्दुल कलाम, जिला महासचिव विनोद यादव, सपा नेता के. डी. यादव, मेहदावल के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी जय राम पांडेय, महेंद्र यादव, श्याम जी विश्वकर्मा, बिंद्रा देवी, शकुंतला देवी तथा डॉ. मालती यादव सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में संगठन को मजबूत बनाने और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने का संकल्प लिया गया।