- यूनिवर्सल हेल्थ कवरेज डे पर जिला अस्पताल में आयोजित हुआ कार्यक्रम
संतकबीरनगर: जनपद न्यायाधीश मोहन लाल विश्वकर्मा के निर्देशन में शुक्रवार को जिला अस्पताल के एमसीएच विंग परिसर में यूनिवर्सल हेल्थ कवरेज डे/अंतर्राष्ट्रीय सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज दिवस पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव व अपर जिला जज देवेंद्र नाथ गोस्वामी ने कहा कि स्वस्थ जीवन जीना प्रत्येक व्यक्ति का अधिकार है।
उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर इस दिन का उद्देश्य है कि कोई भी व्यक्ति पैसे की कमी के कारण जरुरी इलाज से वंचित न रह जाए और सबको समय पर चिकित्सक, दवाएं और अस्पताल की सुविधा मिले।
लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के चीफ अन्जय कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र महासभा ने इसे आधिकारिक रुप से 12 दिसंबर 2017 को इस दिवस को मनाए जाने की घोषणा किया था। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य एक मानवाधिकार है और न्यायसंगत एवं सुदृढ़ समाज के निर्माण के लिए एक अनिवार्य आवश्यकता है। उन्होंने विधिक सेवा प्राधिकरण के द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के बारे में बताते हुए राष्ट्रीय लोक अदालत ने मुकदमे निस्तारित कराने हेतु बल दिया।
मुख्य चिकित्साधिकारी डा. रामानुज कन्नौजिया ने आयुष्मान भारत योजना समेत सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के बारे में बताया। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ राम प्रवेश ने क्रानिकल बीमारी के बारे में बताते हुए उसके इलाज के बावत जानकारी दिया। कार्यक्रम को मुख्य रुप से अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा.वी.के. सोनी, डा. मुबारक अली, डा.राम रतन तथा डा.शैलेन्द्र सिंह ने संबोधित किया। इस दौरान अन्य कई चिकित्सक व अस्पताल में आए मरीज मौजूद रहे।