जागरूकता अभियान में कलवारी पुलिस ने काटा चालान तो डॉ प्रेम त्रिपाठी ने पहनाया निःशुल्क हेलमेट

बस्ती / कलवारी – प्रदेश में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं और मौतों के भयावह आंकड़ों को देखते हुए ग्रामीण स्वास्थ्य सेवक वेलफेयर एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम त्रिपाठी द्वारा कलवारी चौराहे पर सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता का विशेष अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत सागर ऑटो पार्ट्स के सहयोग से बड़ी संख्या में हेलमेट वितरण किया गया तथा लोगों को सुरक्षित यातायात के नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।

सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने, ग्रामीण क्षेत्र में हेलमेट के उपयोग को बढ़ावा देने, हादसों में होने वाली मौतों को कम करने और युवाओं और बाइक सवारों को नियमों के पालन के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान में क्षेत्राधिकारी कलवारी प्रदीप कुमार तिवारी, थानाध्यक्ष कलवारी गजेन्द्र प्रताप सिंह, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अगौना विजय यादव, डॉ. लाल जी आजाद, डॉ. अनिल कुमार रंजन, मनीष तिवारी सहित क्षेत्र के तमाम गणमान्य लोग उपस्थित रहे। जागरूकता अभियान के तहत बिना हेलमेट वाले बाइक सवारों का चालान काटकर उन्हें निःशुल्क हेलमेट पहना कर थानाध्यक्ष एवं क्षेत्राधिकारी ने सुरक्षित यात्रा हेतु यातयात नियमों का संकल्प दिलाया।

अधिकारियों और उपस्थित लोगों ने भी डॉ. प्रेम त्रिपाठी एवं सागर ऑटो पार्ट्स के इस सामाजिक योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम त्रिपाठी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बढ़ती मार्ग दुर्घटनाएँ केवल आंकड़े नहीं बल्कि हजारों परिवारों का बिखरता हुआ भविष्य है। हेलमेट, सीट बेल्ट और यातायात नियमों का पालन जीवन बचा सकता है।
उन्होंने कहा कि यदि आम जनता हेलमेट और सीट बेल्ट जैसी बुनियादी सुरक्षा सावधानियों को अपनाए तो कम से कम 40 से 50% मौत के आंकड़ों को कम किया जा सकता है।
डॉ. त्रिपाठी ने बताया कि आने वाले दिनों में इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम प्रदेश के अन्य जिलों में भी चलाए जाएंगे।
थानाध्यक्ष कलवारी गजेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि यातायात अभियान के तहत 42 गाड़ियों से 38 हजार रुपए का चालान किया गया। 25 लोगों को निःशुल्क हेलमेट वितरित करने के साथ ही यातायात नियमों का पालन करने वाले 50 लोगों को पट्टिका पहनाकर सम्मानित किया गया।