सेमरियावां ब्लाक क्षेत्र के गांव करही के दलित बस्ती का है मामला
संतकबीरनगर। विकास खण्ड सेमरियावां क्षेत्र के गांव करही की दलित बस्ती के ग्रामीणों ने जल निकासी की समस्या से परेशान होकर लोकसभा चुनाव के मतदान का बहिष्कार का एलान किया है। ग्रामीणों ने जिला निर्वाचन अधिकारी/ जिलाधिकारी, मुख्य चुनाव आयुक्त, मुख्य निर्वाचन अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों को मतदान बहिष्कार का पत्र भेजा है।
सेमरियावां ब्लाक क्षेत्र के गांव करही की दलित बस्ती में वर्षों से व्याप्त जलनिकासी की समस्या से आजिज ग्रामीणों ने लोकसभा चुनाव के मतदान का बहिष्कार का एलान किया है। ग्रामीण अविनाश, राम रूप, उमाशंकर, इन्द्रावती देवी,फूलन देवी, लक्ष्मी देवी, फूलमती, चन्द्रावती, गीता देवी, अखिलेश कुमार आदि दर्जनों लोगों ने जिला निर्वाचन अधिकारी/ जिलाधिकारी, मुख्य चुनाव आयुक्त, राज्य निर्वाचन आयुक्त, मंडलायुक्त को पत्र भेजकर कहा है कि दलित बस्ती में जलनिकासी की समस्या बड़ी जटिल है जलनिकासी की समस्या विगत कई वर्षो से बनी हुई है। बारिश का पानी घरों में चला आता है परिवार के सदस्यों को जलजमाव के कारण गंभीर बीमारियों से ग्रसित हो जाते हैं। प्रार्थी गण ने जलनिकासी की समस्या को लेकर कई बार अवगत कराया गया किंतु कोई सार्थक जवाब नहीं मिलने पर विवश हैं। जलनिकासी समस्या को दूर करने के लिए नाला निर्माण नहीं होने पर समूचे लोग इस बार लोकसभा चुनाव में मतदान न करने/ चुनाव का सामूहिक बहिष्कार करने का निर्णय लिए हैं।