संतकबीरनगर
अयोध्या प्रकरण मे उच्चतम न्यायालय के संभावित निर्णय को लेकर पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर द्वारा की गयी मीटिंग


दिनांक 04.10.2019 को पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर ब्रजेश सिंह द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन मे अयोध्या प्रकरण मे आगामी दिनों मे माननीय उच्चतम न्यायालय के संभावित निर्णय को लेकर राजपत्रित अधिकारियों, समस्त प्रभारी निरीक्षक / थानाध्यक्ष व चौकी प्रभारियों के साथ मीटिंग की गयी । जिसमे महोदय द्वारा निर्देशित किया गया कि सभी थाना प्रभारी अपने – अपने क्षेत्र के प्रतिष्ठित हिन्दु धर्म गुरुओं, महन्त, पुजारी, साधु, मुस्लिम धर्म गुरुओं, मौलवी, उलेमा, इमाम काजी आदि के साथ पीस कमेटी की मीटिंग करें तथा सभी सहभागियों से अपील करें कि आगामी दिनों मे अयोध्या प्रकरण मे माननीय उच्चतम न्यायालय का सम्भावित निर्णय चाहे जो भी हो, सभी के द्वारा सम्मान पूर्वक स्वीकार करना चाहिए, और समाज के सभी लोगों को जागरुक करके किसी भी प्रकार की अफवाह या झूठी बरगलाने वाली बातों से बचने का सलाह दिया जाय, यदि किसी व्यक्ति द्वारा समाज को कुप्रभावित किए जाने का कहीं प्रयास दृष्टिगत हो तो तत्काल पुलिस को सूचना दी जाये । इसी प्रकार सोशल मीडिया पर विद्वेशपूर्ण पोस्ट या व्हाट्सएप पर ऐसी कोई कार्यवाही से बचने की भी सलाह धर्मगुरुओं द्वारा समाज को दी जानी चाहिए । महोदय द्वारा समस्त संबंधित को निर्देशित किया गया कि धार्मिक स्थलों जैसे मन्दिर / मस्जिद व अन्य महत्वपूर्ण स्थलों पर सतर्क दृष्टि रखी जाये जिससे आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों पर नियंत्रण रखा जा सके तथा समस्त थानो पर दंगा नियंत्रण उपकरणों के साथ दंगा नियंत्रण पूर्वाभ्यास कराया जाये,समस्त थानाक्षेत्रों मे नियमित रुप से किये जाने वाले पैदल गश्त दंगा नियंत्रण उपकरण के साथ सुसज्जित होकर करें जिससे जनता मे सुरक्षा की भावना बढ़ सके । इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक असित श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी धनघटा संदीप कुमार वर्मा, निरीक्षक प्रज्ञान त्रिलोचन त्रिपाठी, रीडर एसपी एसपी गौतम, आशुलिपिक पुलिस अधीक्षक अमित श्रीवास्तव सहित समस्त थानों के प्रभारी निरीक्षक / थानाध्यक्ष व चौकी प्रभारी उपस्थित रहे ।