ट्रक और पिकप का तिरपाल काटकर लाखों की चोरी
– खलीलाबाद कस्बे में मिल तिराहा और मुखलिसपुर रोड पर हुई चोरी की घटना
– दोनों ही जगहों पर एक ही गिरोह के चार लोग रहे चोरी में शामिल
संतकबीरनगर


खलीलाबाद कस्बे में चोरों ने बुधवार की रात को दो स्थानों पर ट्रक और पिकप का तिरपाल काटकर लाखों का माल उड़ा लिया और मौके से फरार हो गए। दोनों घटनाएं खलीलाबाद कस्बे के सुगर मिल तिराहे और मुखलिसपुर रोड पर हुईं। इन दोनों घटनाओं में एक ही गिरोह के चोर शामिल रहे। क्योंकि दोनों ही घटनाओं में एक काले रंग की कार शामिल बताई जा रही है, जिसमें यह माल लोड करके ले जाया गया।
कोतवाली खलीलाबाद के मुखलिसपुर ओवरब्रिज के अन्तिम छोर पर धनघटा मार्ग पर अंगद किराना स्टोर्स है। इस स्टोर के मालिक अंगद का माल उनके पिकप में रखकर बाजार में जा रहा था। लेकिन बारिश के चलते बुधवार को माल नहीं जा सका। इसके बाद वे पिकप पर लदे माल को अपनी दुकान के सामने नमक के बोरों के पास रस्सी और तिरपाल से बंधवाकर चले गए। सुबह आए तो देखा कि तिरपाल की रस्सी खुली है और अन्दर से चीनी, तेल और रिफाइन्ड आयल जो तकरीबन 75 से 80 हजार का था वह गायब है। इस बात की सूचना उन्होने मुकामी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वहां पर मौजूद सीसीटीवी की जांच की।
चोरी की दूसरी वारदात कोतवाली खलीलाबाद के ही सुगर मिल तिराहे पर हुई। यहां पर बरेली से चक्र सरसो का माल लेकर ड्राइवर आदिल हुसैन बुधवार की रात 10 बजे पहुंचा। माल नहीं उतरा तो वह अपने खलासी के साथ भोजन बनाकर घूमता रहा और रात में तकरीबन 2 बजे दोनों आगे की केबिन में जाकर सो गए। सुबह उठे तो देखा कि ट्रक का तिरपाल किसी तेज धार के हथियार से कटा हुआ है। साथ ही उसके अन्दर से सरसो के तेल की तकरीबन 25 से 30 हजार की पेटियां गायब हैं। इस बात की सूचना उसने पुलिस को दी तो कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की। इस सम्बन्ध में पूछ जाने पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली श्री प्रकाश यादव ने बताया कि मामले की फुटेज देखी जा रही है। मुकदमा दर्ज करके आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।