युवाओं को बर्बाद कर रहा है नशा: सदर सांसद

गोरखपुर ब्यूरों। गाँधीजी एवं शास्त्रीजी के जयंती के अवसर पर दिग्विजयनाथ एलटी प्रशिक्षण महाविद्यालय में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार की महत्वकांक्षी योजना “ड्रग्स की मांग कम किये जाने हेतु राष्ट्रीय कार्य योजना” के तहत युवाओं में मादक पदार्थों के सेवन की बढ़ती प्रवृत्ति को कम करने के उद्देश्य से पोस्टर एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
पोस्टर एवं भाषण प्रतियोगिता में भारी संख्या में छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के विजयी प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि सदर सांसद रवि किशन एवं विशिष्ट अतिथि गोरखपुर विश्वविद्यालय शिक्षक संघ की उपाध्यक्ष प्रोफ़ेसर शोभा गौड़ ने पुरस्कृत किया। प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए सदर सांसद रवि किशन ने कहा की ड्रग्स युवाओं को बर्बाद कर रहा है। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया में सबसे ज्यादा युवा भारत में ही हैं और इस युवा पीढ़ी को नशे के चंगुल से बचाने के लिए हम सभी को प्रयास करना चाहिए। सदर सांसद ने कहा कि यदि आपके आस-पास कोई नशा कर रहा है तो उसे रोकें और उसे समझा कर नशा मुक्ति की तरफ ले जाएं। इस मौके पर दिग्विजयनाथ एल.टी.प्रशिक्षण महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफ़ेसर सुमित्रा सिंह,जिला मद्य निषेध अधिकारी अरुणा जोशी सहित कॉलेज के अन्य शिक्षक व छात्र मौजूद रहे।