लगातार हो रही बारिश से महेवा स्थित मंडी हुई जलमग्न, जनजीवन अस्त व्यस्त
गोरखपुर ब्यूरों। लगातार दो दिनों से हो रही बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है । शहर के निचले इलाकों में जहां जलजमाव की लगातार खबर आ रही हैं तो वहीं महवा स्थित मंडी में जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से बरसात का पानी जमा हो गया है। जिससे व्यवसायियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में मंडी परिषद के चेयरमैन नगर मजिस्ट्रेट ने बताया कि जलजमाव की शिकायत मिलने पर मंडी सचिव को निरीक्षण के लिए भेजा था । मंडी परिषद स्थित जनरेटर के खराब होने से जल की निकासी नहीं हो सकी है। इसके लिए पंप लगाकर पानी निकासी की व्यवस्था कराई जा रही है।
वही रिहायशी इलाकों में भी पानी भरने की सूचना मिलती रहीं।प्राप्त खबरों के अनुसार वार्ड नंबर 3 सिंघड़िया में बरसात का पानी सैकड़ों घरों में घुसने से लगभग 3000 लोग इससे प्रभावित हुए। लोगों के घरों में पानी घुसने की सूचना पर मौके पर पहुंची स्थानीय पार्षद हीरालाल यादव ने नगर निगम और जिलाधिकारी को इसकी सूचना दी। उसके बाद से पीडब्ल्यूडी ने सड़क काटकर पाइप लगाया और नगर निगम द्वारा पंपिंग सेट लगाकर लोगों के घरों में पानी निकालने का कार्य तेजी से चालू कराया जो खबर लिखे जाने तक होता रहा। बता दें कि पीडब्ल्यूडी द्वारा सड़क को ऊंचा करने के बाद से बरसात का पानी लोगों के घरों में घुसने लगा है जिससे लोगों का आम जीवन अस्त व्यस्त होने लगा है।

