विद्यालय परिसर में जल जमाव होने से बढ़ी मुसीबतें
संतकबीरनगर
रिपोर्ट: अर्जुन यादव


संतकबीरनगर,पिछले 36 घंटे से जिले में झमाझम बारिश हो रही है। अनुुमान के मुताबिक जिले में 230 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई है। इससे जहां धान की रोपाई की तैयारी कर रहे किसानों को राहत मिली है वहीं शहर में जगह-जगह जलभराव के कारण राहगीरों की मुसीबत बढ़ गई है। स्थिति यह है कि लगातार हो रही बारिश से जनपद में सामान्य जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया। स्कूल परिसरों में पानी भर गया है तो खलीलाबाद शहर में जलनिकासी की व्यवस्था ठीक नहीं होने से कई जगह सड़कों पर ही पानी जमा हो गया है। बारिश के चलते जिले के कई हिस्सों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है।रविवार की देर रात से बारिश का सिलसिला शुरू हुआ जो मंगलवार को दिनभर जारी रहा। मौसम विभाग के मुताबिक कुल 230 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई है। इसके अनुसार खलीलाबाद में 55, मेंहदावल में 80 व धनघटा में 95 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। लगातार हो रही बारिश से किसानों के चेहरे खिल गए है। जिन लोगों की बेहन तैयार हो गई है वह धान की रोपाई में जुट गए हैं। बेहन के लिए भी बारिश वरदान साबित हुई है क्योंकि अब किसानों को बेहन की सिंचाई करने से राहत मिल गई है। दूसरी तरफ भारी बारिश के कारण खलीलाबाद शहर में जगह-जगह जलभराव हो गया है। स्थिति यह है कि जूनियर हाईस्कूल खलीलाबाद का परिसर तालाब के रूप में तब्दील हो चुका है। ऐसी ही स्थिति पटखौली प्राथमिक विद्यालय की भी है। इसके साथ ही कई प्राथमिक विद्यालयों में परिसर में लबालब पानी भरा हुआ है। जिसके कारण स्कूल आने वाले बच्चों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। इसके साथ ही सरकारी कार्यालयों के परिसर भी पानी से भर गए हैं। बीएसए कार्यालय, डीआईओएस कार्यालय, विकास भवन के सामने, जिला अस्पताल गेट, सीएमओ कार्यालय के गेट पर पानी भरा हुआ है, जिससे कर्मचारियों को भी आने-जाने में परेशानी उठानी पड़ रही है।