स्वास्थ्य मेले में 1188 लोगों का हुआ इलाज, 269 की कोविड जांच
– जनपद के 2 शहरी स्वास्थ्य केंद्रों समेत कुल 22 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर लगा आरोग्य मेला
– मेले में पहुंचकर लोगों ने कराया अपना इलाज, 902 लोग कोविड हेल्प डेस्क पर पहुंचे
संतकबीरनगर, 11 अप्रैल 2021 – जितेन चौधरी

प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित किए जा रहे आरोग्य मेले का आयोजन जनपद की 22 स्वास्थ्य इकाइयों पर किया गया। इस दौरान मेले में पहुंचकर 1188 लोगों ने अपना इलाज कराया। जबकि 902 लोग कोविड हेल्प डेस्क पर पहुंचे। वहां पर 269 लोगों की कोविड की आरटीपीसीआर जांच भी की गई।
स्वास्थ्य मेले का आयोजन प्रभारी सीएमओ व मेला प्रभारी एसीएमओ आरसीएच डॉ मोहन झा के निर्देशन में किया गया। इस अवसर पर एसीएमओ डॉ मोहन झा ने सरकार द्वारा चलाए जा रहे तमाम तरह के कार्यक्रमों की जानकारी दी और स्वास्थ्य मेले की सुविधाओं से अवगत कराया। उन्होने लोगों से अनुरोध किया कि वे कोरोना के संक्रमण को देखते हुए कोविड व्यवहार को अपनाएं, साथ ही साथ 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोग अपना टीकाकरण भी कराएं। कोरोना का हराने का सबसे बड़ा हथियार यही है। इस हथियार की बदौलत ही हम कोरोना पर विजय पा सकते हैं।
इस दौरान उच्चाधिकारियों की टीम निरन्तर मेले का भ्रमण करके स्थिति को भी देखती रही। मेले के दौरान जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ एस डी ओझा, एसीएमओ वेक्टर बार्न व सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र खलीलाबाद के अधीक्षक डॉ वी पी पाण्डेय, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ एस रहमान, जिला मलेरिया अधिकारी अंगद सिंह तथा अन्य लोग सहयोगात्मक पर्यवेक्षण करते रहे।
त्वचा रोगियों की संख्या रही 184
आज के मेले में इसमें सांस के 89 डायबिटीज के 64, त्वचा के 184, उच्च रक्तचाप के 45 , एनीमिया के 20 , लीवर के 12, संभावित टीबी के 1, अन्य रोगी 753 , उच्च केन्द्रों को 18 मरीज संदर्भित किए गए । जिनमें 5 को मेडिकल कालेज गोरखपुर पर रेफर किया गया। इन रोगियों में 490 पुरुष, 511 महिला व 187 बच्चें शामिल थे।
80 आयुष्मान कार्ड भी बना
मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में आयुष्मान भारत योजना के स्टॉल लगा कर 80 लोगों के आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए। सीएमओ ने बताया कि प्रत्येक रविवारीय स्वास्थ्य मेले में प्रयास होगा कि ज्यादा से ज्यादा केंद्रों पर कैंप लगा कर लाभार्थियों को गोल्डेन कार्ड की सुविधा प्रदान की जाए।