पुलिसवालों के लिए भी अलर्ट, बदमाशों को पकड़ो मगर ‘कोरोना’ से बचकर!
गोरखपुर व्यूरों : कोरोना को लेकर बरती जा रही सतर्कता को लेकर पुलिस महकमा भी अलर्ट हो गया है। अफसरों ने पुलिस वालों को हिदायत दी है कि बदमाशों को पकड़ो जरूर लेकिन कोरोना से बचकर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए जाने से पहले पुलिस वालों को कई तरह के टिप्स दिए गए हैं। यह भी हिदायत दी गई है कि अगर कोई बदमाश खांसी-जुकाम से पीड़ित हो तो उसे फौरन गिरफ्तार करने के बजाय डाक्टर की मदद लेना जरूरी है। डीआईजी राजेश डी मोडक ने मंडल के जिला पुलिस प्रमुखों को हिदायत दी कि वे कैंप लगाकर पुलिस वालों को कोरोना से बचाव के टिप्स दिलाएं। उनका तर्क है कि यह इसलिए भी जरूरी है क्योंकि पुलिस का पब्लिक से सीधा संपर्क होता है। गिरफ्तारी के लिए जाते वक्त मास्क और ग्लब्स पहनने की हिदायत दी गई है।
जिला जेल में भी शुरू हुए मेडिकल चेकअप :- फालोअर को भी ट्रेंड किया गया है कि वे दफ्तरों में दरवाजों के हैंडल, मेज-कुर्सी को किस तरह सैनिटाइज करेंगे। उनकी ड्यूटी होगी कि जब कोई दफ्तर में आए-जाए, वह फौरन दरवाजे के हैंडल वगैरह को साफ करें। उधर, खबर है कि जिला जेल में भी बंदियों का लगातार स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है। नए बंदियों को लेकर खास सावधानी बरती जा रही है।
