सिर्फ दस्तक ही नहीं, मच्छरों के ब्रीडिंग साइट्स भी चेक करेंगी आशा कार्यकर्ता
– दस्तक अभियान में बदल गई आशा कार्यकर्ताओं की भूमिका
– 1 से 31 मार्च तक चलाया जाएगा संचारी रोग नियन्त्रण व दस्तक अभियान
संतकबीरनगर, 25 फरवरी 2020
जितेन्दर चौधरी

संचारी रोग नियन्त्रण व दस्तक अभियान में इस बार आशा कार्यकर्ताओं की भूमिका बदल गई है। वह आपके घर पर संचारी रोग नियन्त्रण के लिए दस्तक ही नहीं देगी, बल्कि घर के अन्दर जाकर उन चीजों को भी देखेगी जो घर में मच्छर पैदा करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका अदा करते हैं। वह आपके घर में रेफ्रीजरेटर के साथ ही पानी जमा होने की अन्य स्थितियों का आंकलन भी करेगी। ताकि घर के अन्दर पैदा होने वाले मच्छर रोगों के संचरण में अपनी भूमिका अदा न कर सकें।
सीएमओ डॉ हरगोविन्द सिंह ने संचारी रोग नियन्त्रण व दस्तक अभियान के बारे में जानकारी देते हुए यह बातें बताई। संचारी रोगों से होने वाली मौत में कमी लाने के लिए पूरे प्रदेश में व्यापक अभियान चलाया जाएगा। अभियान के साथ ही जापानी इंसेफेलाइटिस से स्वास्थ्य कर्मी और सहयोगी संस्थाएं अपने कार्यक्षेत्र के अन्तर्गत आने वाले घर – घर में जाकर विभिन्न माध्यमों से लोगों को जागरुक करेंगे। जबकि खण्ड विकास अधिकारी की अध्यक्षता में ब्लाक स्तरीय ग्राम प्रधानों की संवेदीकरण बैठक 28 फरवरी तक होगा । इसके अतिरिक्त ब्लाक चिकित्सालयों पर आशा, एएनएम तथा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का संवेदीकरण 2 से 8 मार्च तक होगा, वहीं सभी विभागों के द्वारा बनाई गई विस्तृत कार्ययोजना जमा कराई जाएगी। 1 मार्च को यह अभियान शुरु किया जाएगा। वहीं आशा कार्यकर्ता 16 से 31 मार्च तक घर घर भ्रमण करेंगी। हर शनिवार को अभियान की अर्न्तविभागीय समीक्षा होगी और सोमवार को साप्ताहिक रिपोर्ट राज्य मुख्यालय को भेजी जाएगी। अभियान के पूरे महीने की रिपोर्ट राज्य मुख्यालय को 5 अप्रैल को भेजी जाएगी।
अब तक हो चुकी हैं ये तैयारियां
संचारी रोग नियन्त्रण व दस्तक अभियान के सफल संचालन के लिए अभी तक जिला समन्वय समिति की बैठक के साथ ही ब्लाक स्तरीय प्रशिक्षण टीमों का प्रशिक्षण हो गया है। ब्लाक स्तरीय प्रशिक्षण समिति को यह बताया जा चुका है कि वे किस तरह से ब्लाक स्तर पर ग्राम प्रधानो, शिक्षकों, आशा कार्यकर्ताओं व अभियान से जुड़े लोगों को प्रशिक्षित करेंगे जिससे अभियान सुचारु रुप से चलाया जा सके।
आशा कार्यकर्ता की यह होगी भूमिका
जिला मलेरिया अधिकारी अंगद सिंह ने बताया कि दस्तक अभियान के दौरान आशा कार्यकर्ता क्षेत्र की कार्ययोजना को ब्लाक मुखयालय को उपलब्ध कराएगी। साथ ही साथ वह दिमागी बुखार के सम्बन्ध में जागरुकता संदेश देगी, घरों पर स्टीकर लगाएगी, बुखार के केस चिन्हित करके उनकी लाइन लिस्ट तैयार करेगी, बुखार के मरीजों की मलेरिया जांच के लिए स्लाइड बनाएगी, स्वयं सहायता समूहों की बैठक कराने के साथ ही क्लोरीन के जरिए पानी के शुद्धीकरण का डेमो भी देगी। इसके साथ ही घर में जाकर मच्छर पनपने की अनुकूल स्थितियों की जांच भी करेगी।
