88 हजार लोगों को खिलाई गई फाइलेरिया की दवा
– लिम्फाडमा के 14 तथा हाइड्रोसील विकार के 5 फाइलेरिया रोगी आए सामने
– सीएमओ डॉ हरगोविन्द सिंह को गोली खिलाकर किया अभियान का शुभारंभ
संतकबीरनगर, 17 फरवरी 2020
जितेन्द्र चौधरी

फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के तहत पहले दिन जिले में 88 हजार लोगों को फाइलेरिया की दवा खिलाई गई। वहीं फाइलेरिया के चलते लिम्फाडमा ( हाथीपांव ) के 14 तथा हाइड्रोसील विकार के 5 रोगी सामने आए हैं। जिला मलेरिया अधिकारी अंगद सिंह ने सीएमओ डॉ हरगोविन्द सिंह को फाइलेरिया की गोली खिलाकर इस अभियान का शुभारंभ किया। फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के तहत एमडीए ( एलिमिनेशन ऑफ लिम्फैटिक फाइलेरियेसिस ) 17 फरवरी से 29 फरवरी तक चलाया जाएगा। अभियान की औपचारिक शुरुआत रविवार के स्वास्थ्य मेले के दौरान हो गई थी, लेकिन सोमवार को जिला मलेरिया अधिकारी अंगद सिंह ने सीएमओ डॉ हरगोविन्द सिंह को फाइलेरिया की 3 गोलियां खिलाया। साथ ही साथ एलवेण्डाजॉल की गोली भी खाई। इसके बाद पूरे जनपद में स्वास्थ्य इकाईवार तथा ग्रामवार फाइलेरिया की गोलियॉ खिलाई जाने लगी। जिला अस्पताल से लेकर पूरे जनपद के विभिन्न भागों में कुल 88617 लोगों ने फाइलेरिया की दवाएं खाई। पूरे जनपद में कहीं भी दवा के साइड इफेक्ट की कोई बात सामने नहीं आई है।
पर्यवेक्षकों ने किया अभियान का निरीक्षण
फाइलेरिया उन्मूलन अभियान का जनपद स्तरीय पर्यवेक्षकों ने जाकर निरीक्षण भी किया। इसमें जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ ए के सिन्हा ने हरदी गांव में जाकर फाइलेरिया अभियान का निरीक्षण किया तथा यह निर्देश दिया कि किसी को भी अपने सामने ही फाइलेरिया की दवा खिलाएं तथा उन्हें स्वच्छ जल भी पिला दें। साथ ही एलवेण्डाजॉल की गोली को चूसकर खाने के लिए दें। किसी को भी खाली पेट दवा न खिलाएं। कोई भी परेशानी दवा खाने के बाद हो तो तुरन्त ही इसकी जानकारी ब्लाक स्तरीय रैपिड रिस्पांस टीम को दें।
सीएमओ ने की अभियान की समीक्षा
सीएमओ डॉ हरगोविन्द सिंह ने अपने कक्ष में फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के पहले दिन की समीक्षा की। इस दौरान उन्होने कहा कि इस अभियान में जुड़े सभी लोग मेहनत और ईमानदारी से अपने काम में लगे रहें। कोई भी शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फाइलेरिया एक लाइलाज बीमारी है। इसे जड़ से समाप्त करने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान जिला मलेरिया अधिकारी अंगद सिंह ने बताया कि ब्लाक स्तर पर रैपिड रिस्पांस टीमें भी लगाई गई हैं। इस दौरान विश्व स्वास्थ्य संगठन के एसएमओ डॉ जलज खरे, एपीडेमियोलाजिस्ट डॉ मुबारक अली मौजूद रहे।
फोटो –
सीएमओ डॉ हरगोविन्द सिंह को फाइलेरिया की दवा खिलाते हुए जिला मलेरिया अधिकारी अंगद सिंह
हरदी गांव में फाइलेरिया अभियान का पर्यवेक्षण करती हुई जिला स्तरीय टीम के लोग
देर शाम अभियान के पहले दिन की समीक्षा करते हुए सीएमओ डॉ हरगोविन्द सिंह
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र खलीलाबाद में दवा खिलाती हुई स्वास्थ्य कर्मी