सीएम योगी आदित्यनाथ ने दी गोरखपुर को आयुष विवि व वेटनरी कॉलेज की सौगात, 81 एकड़ जमीन आरक्षित

गोरखपुर ब्यूरों:-मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर के लोगों को आयुष विश्वविद्यालय व वेटनरी कॉलेज की सौगात दी है। जिला प्रशासन ने जगदीशपुर के पास 81 एकड़ जमीन आरक्षित कर ली है। प्रशासन द्वारा शुक्रवार को जमीन की पैमाइश का कार्य भी शुरू करा दिया जाएगा। 50 एकड़ में आयुष विश्वविद्यालय व 31 एकड़ में वेटनरी कॉलेज बनाया जाएगा। शासन ने आयुष विश्वविद्यालय के लिए 10 करोड़ रुपये जारी भी कर दिए हैं।
गोरखपुर दौरे पर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गोरखनाथ मंदिर में मंडलायुक्त जयंत नार्लिकर व जिलाधिकारी के. विजयेंद्र पाण्डियन समेत अन्य अफसरों के साथ बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जगदीशपुर में 81 एकड़ सीलिंग की जमीन पर आयुष विश्वविद्यालय और वेटनरी मेडिकल कॉलेज बनाए जाने पर अपनी सहमति दे दी है। आयुुष विश्वविद्यालय खुल जाने से एक साथ ही तीन से चार हजार छात्र-छात्राओं को लाभ होगा। इसके साथ ही एक ही कैंपस में यूनानी, आयुर्वेद, सिद्धा, योगा और होमियोपैथी पद्धति की पढ़ाई हो सकेगी। मालुम हो की जगदीशपुर के मलमलिया गाँव की सिंलिंग की भूमि पर हुए अवैध कब्जा का चिन्हिकरण चौरीचौरा तहसील के तहसीलदार व राजस्व टीम दो दिनों से कर रही है।
जगदीशपुर में सीलिंग की 81 एकड़ जमीन आरक्षित कर ली गई है। इसमें आयुष विश्वविद्यालय और वेटनरी कॉलेज का निर्माण किया जाएगा। झुंगिया बाजार से फर्टिलाइजर फोरलेन निर्माण के लिए 25 करोड़ रुपये स्वीकृत हो गए हैं। मुख्यमंत्री ने तत्काल कार्य शुरू करने का निर्देश दिया है। सैनिक स्कूल का प्रस्ताव भी शासन को भेज दिया है। – के. विजयेंद्र पाण्डियन, डीएम।