डीएम की पहल पर अरबन हेल्थ सेण्टर कांशीराम की बदलेगी सूरत
– हेल्थ सेण्टर के उपर वार्ड के लिए बनेगा हाल, निरीक्षण के दौरान दिया आश्वासन
– आसपास ग्राम समाज की भूमि मिल जाएगी तो हो जाएगा और भी विस्तार
संतकबीरनगर, 23 सितम्बर 2020
जितेन्द्र चौधरी

जिलाधिकारी रवीश कुमार गुप्ता ने कांशीराम आवासीय क्षेत्र में स्थित अरबन हेल्थ सेण्टर के निरीक्षण के दौरान पाया कि वहां पर बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। इसके बाद उन्होने विचार विमर्श के पश्चात कहा कि अरबन हेल्थ सेण्टर के उपर एक हाल बनवा देने से अगर काम चल सकता है तो हम वहां पर एक हाल बनवा देंगे। आसपास ग्राम समाज की कोई भूमि हो तो बताएं, उसे अस्पताल के नाम से प्रस्ताव करके इसमें जोड़ लिया जाएगा। फिलहाल जिलाधिकारी की पहल अगर प्रभावी रही तो इसकी सूरत बदल जाएगी।
डीएम रवीश गुप्त अचानक सुबह 11 बजे के करीब मान्यवर कांशीराम शहरी आवासीय योजना क्षेत्र में बने अरबन हेल्थ सेण्टर में पहुंच गए। इस दौरान वहां पर प्रभारी डॉ श्रुति श्रीवास्तव के साथ ही एलटी शिववदन तथा अन्य लोग मौजूद थे। जिलाधिकारी ने वहां के संकरे गेट तथा लैब के छोटे कमरे के साथ ही दवाओं के स्टोर को भी देखा। उन्हें यह बताया गया कि जगह कम होने के चलते इस अस्पताल का विस्तार नहीं हो पा रहा है। इसके बाद उन्होने खुद ही सुझाव दिया कि इसके छत पर ही एक तल और बनाकर विस्तार दिया जाय। इसके बाद मौके पर पहुंचे जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ ए के सिन्हा ने बताया थोड़ी भूमि और मिल जाती तो इसको बेहतर तरीके से विस्तारित किया जा सकता था। जिलाधिकारी श्री गुप्त ने विस्तारित करने के लिए उन्हें जमीन दिलाने का वादा किया। वे वहां कार्यरत कर्मियों से बोले कि अगल बगल कोई ग्राम समाज की जमीन हो तो बताएं । वह जमीन आपको दिला दी जाएगी। लैब में जाकर उन्होने देखा तो रक्त के कल्चर जांच के लिए लगाए गए थे। इसे देखकर जिलाधिकारी ने लैब टेक्नीशियन को शाबासी दी। उन्होने ड्रग सेण्टर में दवाओं की उपलब्धता के बारे में भी जानकारी ली। इस दौरान जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि यहां पर तैनात सभी कर्मचारी व अधिकारी पूरी निष्ठा से अपने काम में लगे हुए हैं, यह एक अच्छी बात है। इस दौरान डीएम ने प्रभारी डॉ श्रुति श्रीवास्तव के मरीजों को देखने का रिकार्ड भी देखा तथा उन्हें निरन्तर बेहतर कार्य करने के निर्देश दिए। वहीं के निवासी लियाकत ने बताया कि यहां पर मरीजों को भर्ती करने में समस्या आती थी। वार्ड बन जाने से यह समस्या दूर हो जाएगी।
इन सुविधाओं का लाभ पाएंगे आमजन
जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ ए के सिन्हा बताते हैं कि उपर एक और हाल बन जाने के बाद इसे एक वार्ड के रुप में बदला जा सकेगा। सामान्य मरीजों को वहां पर भर्ती भी किया जा सकेगा। लेबर रुम को भी विस्तार मिल जाएगा तथा महिलाओं को भी प्रसव के बाद वहां पर रोका जा सकेगा। इसके बाद यह एक चार बेड के अस्पताल में तब्दील हो जाएगा तथा चार बेड के अस्पताल में मिलने वाली सभी सुविधाएं यहां पर मिलने लगेंगी।
चित्र परिचय
मान्यवर कांशीराम शहरी आवासीय योजना में स्थित अरबन हेल्थ सेण्टर का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी रबीश गुप्त