रक्त दान से कोई नुकसान नहीं होता
गोरखपुर ब्यूरों:-नेताजी सुभाषचन्द्र बोस की जयंती पर गुरू श्री गोरक्षनाथ ब्लड बैंक की तरफ से रक्तदान शिविर का आयोजन राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में पैसफ़िक कॉलेज रायपुर जंगल कौड़िया में किया गया। श्री गोरक्षनाथ ब्लड बैंक का रक्त वाहन ( डोनेशन वैन ) पूरी साज- सज्जा के साथ रक्तदान स्थल रायपुर पहुँचा। शिविर में संस्था के छात्र, शिक्षक, कर्मचारियों के साथ-साथ ग्रामीणों ने भी भागीदारी निभाई। इस अवसर पर गोरक्षनाथ ब्लड बैंक के मुख्य टेक्निशीयन राजीव तिवारी ने बताया कि कोई भी व्यक्ति जो 18 से 65 वर्ष उम्र का हो, जिसका हीमोग्लोबिन 12.5 ग्राम से उपर, वजन 45 किलोग्राम तथा ब्लड प्रेशर 120/80 हो। वह व्यक्ति स्वास्थ्य जाॅच के बाद रक्तदान कर सकता है। इस मौके पर समाज में फैले विभिन्न प्रकार की भ्रांतियो को दूर करने का प्रयास किया गया। ब्लड बैक की काउन्सलर शोभा राय ने रक्तदाताओं से कहा कि प्रत्येक तीन माह के अन्तराल पर रक्तदान किया जा सकता है।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कैम्पियरगंज के नगर मंत्री अंकुर पाण्डेय ने बताया कि रक्तदान से कोई नुकसान नहीं होता अपितु इसके कई लाभ होते हैं। इससे ब्लड प्रेशर सामान्य रहता है। हार्ट अटैक में कमी आती है। शिविर में उपासना, राहुल, सोनल, सोनाली सहित लगभग 35 लोगों ने रक्तदान किया। गुरू श्री गोरक्षनाथ चिकित्सालय के मेडिकल आफिसर डा. सचिन ने सभी का आभार जताया। उन्होंने पैसिफिक कालेज के सदस्यों को धन्यवाद दिया। ब्लड बैंक के विकास मिश्रा, चाॅदनी गिरी आदि उपस्थित रहे। शिविर का आयोजन ब्लड बैंक के प्रभारी डा. अवधेश अग्रवाल के कुशल निर्देशन में हुआ।