विटामिन ए सम्पूर्णन कार्यक्रम के लक्ष्य को करें पूरा – डॉ सिन्हा
– जिला सर्विलांस अधिकारी ने किया विटामिन ए सम्पूर्णन का निरीक्षण
– बाल पोषण माह के तहत 18 जनवरी 2020 तक चलेगा कार्यक्रम
जितेन्द्र चौधरी
संतकबीरनगर, 21 दिसम्बर 2019


जिले में चल रहे बाल स्वास्थ्य पोषण माह विटामिन ए सम्पूर्णन कार्यक्रम का निरीक्षण जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ ए के सिन्हा ने लियास। इस दौरान उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सभी फ्रंटलाइन वर्कर पूरी तरह से समर्पित भाव से काम करें, ताकि शत प्रतिशत बच्चों को तय समय तक विटामिन ए की खुराक पिलाई जा सके।
जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ ए के सिन्हा ने कहा कि बाल स्वास्थ्य पोषण माह विटामिन ए सम्पूर्णन कार्यक्रम को आगामी 18 जनवरी तक पूरा करके शासन को रिपोर्ट भेज देनी है। इस लक्ष्य को पूरा करने में सभी लोग मनोयोग से जुटें। इस दौरान उन्होने बरियारपुर, महेदो, पचनेउरा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होने कहा कि जून 2019 में चले अभियान के दौरान कुल 93.83 प्रतिशत बच्चों को बिटामिन ए की खुराक दी गई थी। इस बार इस लक्ष्य को अधिक से अधिक पूरा करने में सभी कर्मी मनोयोग से जुटें। 9 माह से 5 साल तक के कुल 2.1 लाख बच्चे जनपद में हैं। इनमें से 9 माह से 12 माह तक के 12447 बच्चे हैं, इन्हें आधा चम्मच अर्थात एक मिली लीटर घोल दिया जाएगा। जबकि 1 से दो वर्ष के कुल 53519 बच्चे हैं, जिन्हें दो एमएल अर्थात एक चम्मच बिटामिन का घोल दिया जाएगा। वहीं 2 वर्ष से 5 वर्ष तक के कुल 1.47 लाख बच्चे हैं, जिन्हें एक पूरा चम्मच अर्थात 2 एमएल का घोल दिया जाएगा। कुल 2070 सत्र चलाए जाएंगे।
विटामिन ए से होता है यह लाभ
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ आर पी राय ने बताया कि विटामिन ए से बच्चों में रोगों से लड़ने की क्षमता में वृद्धि होती है, रतौंधी रोग से बचाव होता है, कुपोषण से बचाव होता है। मानसिक विकलांगता में कमी आती है। एक साल में दो बार विटामिन ए की खुराक लेने से सभी कारणों से होने वाली मृत्यु में 23 प्रतिशत कमी, खसरे के कारण होने वाली मृत्यु में 50 प्रतिशत कमी तथा अतिसार रोग के कारण होने वाली मृत्यु में 33 प्रतिशत की कमी आती है।