संतकबीरनगर: जनपद न्यायालय परिसर में रविवार को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष रणधीर सिंह ने की।जनपद न्यायाधीश ने उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि मानसिक शांति और आत्मिक संतुलन का भी आधार है। उन्होंने अपने संबोधन में योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया।प्राधिकरण के सचिव सुनील कुमार सिंह तथा अपर जिला जज (पॉक्सो एक्ट) कृष्ण कुमार ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए योग को दैनिक दिनचर्या में शामिल करना आवश्यक है।कार्यक्रम में आर्ट ऑफ लिविंग के प्रशिक्षक अमित जैन ने उपस्थित लोगों को योग की विभिन्न मुद्राओं एवं उनके लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी तथा व्यावहारिक अभ्यास भी कराया।इस दौरान न्यायिक अधिकारी अशोक कसौधन, लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के चीफ अन्जय कुमार श्रीवास्तव, केंद्रीय नाजिर बृजेश सिंह, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के लिपिक रामभवन, जयशंकर प्रसाद, इंटर्नशिप कर रहे विभिन्न विधि महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं, बृजेश यादव, मनोज गुप्ता, पैनल अधिवक्ता, पीएलवी एवं न्यायालय के अनेक कर्मचारी उपस्थित रहे।कार्यक्रम का समापन स्वस्थ जीवन, सकारात्मक सोच और नियमित योगाभ्यास के संकल्प के साथ हुआ।