

- ज्यूडिशियल स्पोर्ट्स मीट में नौ पदक हासिल करने पर आयोजित हुआ कार्यक्रम
संतकबीरनगर: जनपद न्यायाधीश रणधीर सिंह समेत तीन न्यायिक अधिकारियों के द्वारा लखनऊ में आयोजित ज्यूडिशियल स्पोर्ट्स मीट में बैडमिंटन समेत अन्य स्पोर्ट्स में नौ पदक हासिल करने पर सिविल बार एसोसिएशन के द्वारा न्यायालय सभागार में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। बार के पदाधिकारियों ने न्यायिक अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल के मैदान में उनके द्वारा कुल नौ पदक प्राप्त करना जनपद के लिए गौरव का विषय है।
जनपद न्यायाधीश रणधीर सिंह ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को खेलकूद, योग अथवा व्यायाम को अपने दिनचर्या में शामिल करना चाहिए। मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के पीठासीन अधिकारी अजय त्रिपाठी ने कहा कि स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है। उन्होंने बार एसोसिएशन के द्वारा आयोजित कार्यक्रम की प्रशंसा की। एडीजे गजेंद्र कुमार ने न्यायिक अधिकारियों के बेहतर प्रदर्शन की सराहना की। एडीजे पास्को कोर्ट कृष्ण कुमार व एडीजे एससीएसटी कोर्ट कुलदीप कुमार ने सभी का स्वागत कर सम्मान समारोह के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। सिविल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ईश्वर प्रसाद पाठक ने कहा कि जनपद के इतिहास में यह पहला अवसर है, जब न्यायिक अधिकारियों ने प्रदेश स्तर पर अपने खेल कुशलता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। महामंत्री निरंजन सिंह ने भविष्य में बार व बेंच के द्वारा खेलकूद आयोजन करने की बात कही। कार्यक्रम को प्राधिकरण के सचिव व सिविल जज सीनियर डिवीजन सुनील कुमार सिंह, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट चेतना त्यागी, न्यायिक मजिस्ट्रेट अशोक कसौधन, अभिनव त्रिपाठी, पूर्व अध्यक्ष महीप बहादुर पाल, वरिष्ठ अधिवक्ता चंद्रभूषण मणि त्रिपाठी, राकेश जी मिश्र, चीफ डिफेंस काउंसिल अन्जय कुमार श्रीवास्तव, जनपद बार एसोसिएशन के पूर्व महामंत्री नवनीत कुमार पांडेय, जिला शासकीय अधिवक्ता विशाल श्रीवास्तव, प्रभाकर मिश्र, अच्युतानंद शुक्ला, अधिवक्ता सुधीर कुमार श्रीवास्तव समेत अन्य लोगों ने सम्बोधित किया।