संतकबीरनगर: जनपद न्यायाधीश श्री रणधीर सिंह के निर्देशन में नौ मई को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर सोमवार को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट चेतना त्यागी ने बैठक का आयोजन किया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव व सिविल जज सीनियर डिवीजन सुनील कुमार सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली के आदेशानुसार दिनांक नौ मई द्वितीय शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किए जाने के निर्देश प्राप्त हुए हैं। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने उपस्थित समस्त न्यायिक अधिकारियों को निर्देश दिया कि वह अपने-अपने कोर्ट में ज्यादा से ज्यादा वादों का निस्तारण करवाना सुनिश्चित करें तथा लोक अदालत में प्रतिभाग करने के लिए ज्यादा से ज्यादा पक्षकारों को नोटिस तामिला करवाया जाए। राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार-प्रसार हेतु पराविधिक स्वयं सेवकों द्वारा पम्पलेट वितरण एवं अन्य माध्यम से कराया जा रहा है। बैठक में सीजेएम चेतना त्यागी, एसीजेएम संजय राज पांडेय, सिविल जज अशोक कसौधन, सिविल जज अभिनव त्रिपाठी, न्यायिक मजिस्ट्रेट निधि मिश्रा समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।