पीड़ित ने पुलिस समेत अन्य उच्चधिकारियों को पत्र देकर लगाई न्याय की गुहार।
संत कबीर नगर (खलीलाबाद):


जनपद के कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मुड़ेरा उर्फ दलेलगंज में पैतृक भूमि पर अवैध कब्जे का मामला प्रकाश में आया है। गांव निवासी सुनील दत्त उर्फ गुड्डू ने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक के साथ-साथ अन्य प्रशासनिक अधिकारियों को प्रार्थना-पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़ित के अनुसार, उसकी पैतृक भूमि गाटा संख्या 15, जिसका रकबा लगभग 35×35 फीट है, पर गांव के ही कुछ दबंग प्रवृत्ति के लोग जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। विरोध करने पर आरोपियों द्वारा लगातार गाली-गलौज की जाती है तथा जान से मारने की धमकी दी जा रही है।
प्रार्थना-पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि विपक्षीगण आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और उनमें से एक व्यक्ति स्वयं को प्रभावशाली बताते हुए पुलिस कार्रवाई से बचने की बात कह रहा है। इससे पीड़ित एवं उसका परिवार भय और तनाव में जीवन यापन कर रहा है।
पीड़ित का कहना है कि वह एक साधारण एवं अकेला व्यक्ति है, जबकि विपक्षीगण दबंग किस्म के हैं, जिससे उसे अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर आशंका बनी हुई है। उसने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए अवैध कब्जे को तत्काल रोका जाए और दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते प्रशासन द्वारा प्रभावी हस्तक्षेप न किए जाने पर स्थिति और गंभीर हो सकती है।
फिलहाल, इस मामले में पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।