
संंतकबीरनगर। मंगलवार को यातायात प्रभारी ने अपनी टीम के साथ बीएमसीटी बस्ती- मेंहदावल मार्ग पर बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए लोहरौली और खटियावां चौराहे पर सांकेतिक बोर्ड लगाया।
पुलिस अधीक्षक सत्यजीत गुप्ता के निर्देशन में प्रभारी यातायात परमहंस तथा उनकी टीम ने बढ़ती हुई सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए चिलचिलाती धूप में दुधारा थाना क्षेत्र अंतर्गत बीएमसीटी बस्ती- मेंहदावल मार्ग पर स्थित लोहरौली और खटियावां में सांकेतिक बोर्ड लगाया।
इस दौरान लोहरौली के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि गुड्डू विश्वकर्मा ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना हम सबका नैतिक कर्तव्य है। दुपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग करें, चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का इस्तेमाल जरूर करें। अपने बाएं से चलें। सड़क पार करते समय दोनों तरफ देखकर ही पार करें।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि लोहरौली गुड्डू विश्वकर्मा, विनोद कुमार विश्वकर्मा, लालजी अग्रहरि, मौलाना मोहम्मद यूसुफ, राजन सहित अन्य लोग मौजूद रहे। सभी ने यातायात प्रभारी तथा उनकी टीम की भूरि भूरि प्रशंसा की है।