
संतकबीरनगर। जनपद के सबसे बड़े ब्लाक सेमरियावां की ब्लाक प्रमुख मजहरून्निसां तथा इंजीनियर महमूद खान ने बुधवार को लखनऊ में प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र एस चौधरी तथा उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक की मौजूदगी में भाजपा का दामन थाम लिया।
जनपद के सबसे बड़े ब्लाक सेमरियावां की राजनीति एक बार फिर गर्मा गयी है। समाजवादी पार्टी के टिकट पर ब्लाक प्रमुख चुनी गयीं मजहरून्निसां ने बुधवार को लखनऊ स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचकर प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी तथा उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक की उपस्थिति में भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली।
समाजवादी पार्टी के नेता इंजीनियर महमूद खान ने भी भाजपा का दामन थाम लिया।
इस दौरान ब्लाक प्रमुख मजहरून्निसां ने कहा कि भाजपा की नीतियों से प्रभावित होकर उन्होंने भाजपा की सदस्यता ली है। लोकसभा चुनाव में जीत दिलाने के लिए वह कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की बढ़ती लोकप्रियता से विपक्षी हताश और निराश हैं तीसरी बार केन्द्र में भाजपा सरकार बनने जा रही है।