
संत कबीर नगर 29 सितम्बर 2023 जिलाधिकारी महेन्द्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में पंचायत विकास सूचकांक एवं पंचायत विकास योजना के सम्बन्ध में जिला क्रियान्वयन एवं अनुश्रवण समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई।
बैठक में बताया गया कि पंचायत विकास सूचकांक हेतु विभिन्न विभागों के 577 इंडीकेटर पर डाटा pdi.gov.in पर ग्राम पंचायत के फैसिलिटेटर, पंचायत सहायक द्वारा सम्बन्धित विभागों द्वारा उपलब्ध करायी गयी सूचना के आधार पर अपलोड किया जायेगा, जिसके सत्यापनोपरान्त खण्ड विकास अधिकारी द्वारा जनपद हेतु 20 अक्टूबर तक डाटा फ्रीज किया जायेगा। जनपद स्तर पर विकास खण्ड से प्राप्त डाटा का अर्थ एवं संख्याधिकारी द्वारा सत्यापन किया जायेगा एवं मुख्य विकास अधिकारी के अनुमोदनोपरान्त डाटा को 25 अक्टूबर तक फ्रीज किया जायेगा। तदोपरान्त राज्य स्तर पर सत्यापन का कार्य किया जायेगा एवं 31 अक्टूबर तक सभी स्तरों पर सत्यापन चक्र पूरा हो जायेगा। पी०डी०आई० की गणना एवं स्कोर का प्रकाशन 07 नवंबर, 2023 तक किया जायेगा।
बैठक में जिलाधिकारी द्वारा निर्देशित किया गया कि ग्राम पंचायत विकास योजना हेतु ग्रामवासियों को जागरुक किया जाए तथा ग्राम पंचायत स्तरीय कर्मचारियों की उपस्थिति में दिनांक 02.10.2023 से 31.01.2024 के मध्य होने वाली ग्राम सभा की बैठकों में अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए।
इस सम्बन्ध में ग्राम्य विकास विभाग द्वारा मिशन अन्त्योदय अन्तर्गत एकत्र किये गए प्रत्येक ग्राम पंचायत की संरचनात्मक, आर्थिक एवं मानव विकास के सूचकांकों के आधार पर पाये गये क्रिटिकल गैप पर भी चर्चा कर गतिविधियों को वार्षिक कार्ययोजना में सम्मिलित किया जायेगा। ग्राम पंचायतों द्वारा सतत् विकास लक्ष्यों के स्थानीयकरण हेतु निर्धारित 09 थीम जिसमें गरीबी मुक्त एवं आजीविक उन्नत गॉव (कुल इंडीकेटर्स 37), स्वस्थ गॉव (कुल इंडीकेटर्स 23), बाल हितैषी ग्राम पंचायत(कुल इंडीकेटर्स 85), पर्याप्त जलयुक्त गॉव(कुल इंडीकेटर्स 30), स्वच्छ एवं हरित पंचायत(कुल इंडीकेटर्स 41), आत्मनिर्भर बुनियादी ढांचे वाली ग्राम पंचायत(कुल इंडीकेटर्स 161), सामाजिक रूप से न्यायपूर्ण एवं सुरक्षित पंचायत(कुल इंडीकेटर्स 70), सुशासन पंचायत(कुल इंडीकेटर्स 79) एवं महिला हितैषी पंचायत(कुल इंडीकेटर्स 151) में से कम से कम 01 एवं अधिकतम 02 थीम का चयन किया जायेगा। (वर्ष 2023-24 हेतु चयनित विषय का पुनः भी चयन किया जा सकता है)। ग्राम पंचायतों द्वारा चयनित थीम का उल्लेख ग्राम सभा की कार्यवाही में किया जायेगा तथा हस्ताक्षरित ग्राम सभा संकल्प की प्रक्रिया पंचायती राज मन्त्रालय द्वारा विकसित वाइब्रेण्ट ग्राम सभा पोर्टल (https://meetingonline.gov.in) पर किया जायेगा, साथ ही वार्षिक कार्ययोजना तैयार किये जाने की प्रक्रिया को जी.पी.डी.पी. पोर्टल पर अद्यतन करते हुए ग्राम सभा द्वारा अनुमोदित वार्षिक कार्ययोजना को ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर अपलोड किया जायेगा।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी सुरेश चन्द्र केसरवानी, डी0सी0 एनआरएलएम जीशान रिजवी, पीडी संजय कुमार नायक, सूचना अधिकारी सुरेश कुमार सरोज आदि उपस्थित रहे।
के के मिश्रा जर्नलिस्ट