आम आदमी पार्टी ने बिजली विभाग की निकाली प्रतीकात्मक शव यात्रा, कलेक्ट्रेट पर किया प्रदर्शन और सौंपा ज्ञापन

संत कबीर नगर – आम आदमी पार्टी ने आम जनमानस की बिजली कटौती की समस्याओं को देखते हुए प्रदेश में हो रही अघोषित बिजली कटौती और हो रही मौतों के खिलाफ़ जिलाधिकारी कार्यालय पर जोरदार धरना प्रदर्शन कर प्रशासनिक अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
इस प्रदर्शन का नेतृत्व पूर्व प्रांतीय निकाय चुनाव प्रभारी दुर्विजय यादव एवं पूर्व जिला महासाचिव आलोक श्रीवास्तव ने किया।
आलोक श्रीवास्तव ने मीडिया से मुखातिब होते हुए कहा कि पूरे प्रदेश में असहनीय तपन से बिजली व्यवस्था चरमरा सी गई है। केंद्र और प्रदेश के गठजोड़ से चल रही डबल इंजन की सरकार पटरी से उतर गई है। आज उत्तर प्रदेश की जनता अघोषित बिजली कटौती से अपने आप को ठगा सा महसूस कर रही है। अकुलाई गर्मी और भीषण बिजली कटौती से पूरे प्रदेश में प्रति दिन सैकड़ों लोगो की मृत्यु हो रही है।
दुर्विजय यादव ने कहा की पिछले 24 घंटे में गोरखपुर में 102 से अधिक लोगो की जान गई, इसकी जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश सरकार और बिजली विभाग की है।
अजय नारायण मिश्र ने कहा कि पूरे प्रदेश में 1 लाख से अधिक कर्मचारियों की जरूरत है और सिर्फ 35 हजार कर्मचारी कार्यरत हैं, कृपया रिक्त 65 हजार पदों को जल्द से जल्द प्रदेश सरकार द्वारा भरकर उपभोक्ताओं को राहत दी जाय।
आबिद अली फिरदौसी ने कहा की जब तक जिले की जनता को निर्बाध 24 घंटे बिजली नहीं मिलेगी आम आदमी पार्टी का धरना प्रदर्शन चलता रहेगा।
इस प्रदर्शन में मुख्य रूप से दुर्विजय यादव, आलोक श्रीवास्तव, अखिलेश पांडेय, जुनैद अहमद सिद्दीकी, अरविंद यादव, अजय नारायण मिश्र, डॉ० धर्मेंद्र आर्या, समसुदजोहा अंसारी, अनुराग जायसवाल, राम स्वरथ यादव, अर्जुन कुमार आदि लोग उपस्थित रहें।