विपक्ष की ज्यादातर पार्टियां कांग्रेस के साथ दुश्मन जैसा बरताव कर रही हैं और उसी के वोट में सेंध लगा कर उसकी जगह लेना चाहती हैं। इस समय ज्यादातर विपक्षी पार्टियां अपने लिए संभावना देख रही हैं। भाजपा की कट्टरपंथी राजनीति के बरक्स देश की राजनीति में उनको अपने अनुकूल हालात दिख रहे हैं। लेकिन मजेदार बात यह है कि कांग्रेस भी सहयोगी पार्टियों के प्रति दोस्ताना रवैया रखने और आगे बढ़ कर समझौता करने की बजाय उनको दुश्मन ही मान रही है। कांग्रेस और अन्य विपक्षी पार्टियों के बीच एक-दूसरे को आजमाने का खेल चल रहा है। हो सकता है कि बाद में किसी मुकाम पर साझा बने लेकिन अभी कांग्रेस भी विपक्षी पार्टियों की तरह ही हमले कर रही है। Politics Congress Opposition Parties
कांग्रेस पार्टी के पास एक ही दांव है कि वह अपना विरोध करने वाली हर पार्टी को भाजपा की बी टीम ठहरा दे। पश्चिम बंगाल में कांग्रेस के नेता ममता बनर्जी को ही भाजपा की बी टीम बता रहे हैं। सोचें, इस समय ममता खुद को पूरे देश में नरेंद्र मोदी का विकल्प मान रही हैं। दोनों पार्टियों के बीच घमासान छिड़ा है और कांग्रेस के नेता उनको भाजपा की बी टीम बता रहे हैं। दिल्ली में कांग्रेस के नेता जी-तोड़ प्रयास करते हैं यह साबित करने के लिए अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी भाजपा की बी टीम है। कांग्रेस के नेता हर मौके पर यह कहते हैं कि आप का मकसद भाजपा को फायदा पहुंचाना है। कर्नाटक में कांग्रेस के नेता एचडी देवगौड़ा की पार्टी जेडीएस को भाजपा की बी टीम बताते हैं।
सोचें, ये सभी पार्टियां कांग्रेस की सहयोगी रही हैं। कर्नाटक की मौजूदा विधानसभा में ही कांग्रेस ने जेडीएस के साथ मिल कर सरकार बनाई थी। लेकिन उसके नेता जेडीएस को भाजपा की बी टीम बता रहे हैं। आम आदमी पार्टी की भी पहली 49 दिन की सरकार कांग्रेस ने ही बनवाई थी। ममता तो खैर कांग्रेस की ही नेता हैं और उनकी पार्टी मनमोहन सिंह की सरकार में शामिल रही है। वे खुद भी मनमोहन सिंह की सरकार में मंत्री थीं। फिर भी कांग्रेस उनको भाजपा की बी टीम बताती है। अपने साथ रही विपक्षी पार्टियों को भाजपा की बी टीम बताने का कोई राजनीतिक फायदा कांग्रेस को नहीं हो सकता है। उलटे उसकी अपनी साख भी खराब होती है। वह विपक्षी पार्टियों की साख खराब करने के लिए इस तरह के प्रचार करती है लेकिन इससे उसकी साख पर भी असर होता है।
कांग्रेस को इस समय ऐतिहासिक जिम्मेदारी निभानी है। जिस तरह से संसद के पिछले सत्र में कांग्रेस ने पहल करके विपक्षी पार्टियों को साथ लिया और पेगासस जासूसी मामले पर सरकार को कठघरे में खड़ा किया उसे संसद के बाहर भी आजमाने की जरूरत है। आज विपक्ष के पास मुद्दों की कमी नहीं है। अगर कांग्रेस सरकार को घेरने वाले मुद्दों को लेकर विपक्ष को साथ लाने की पहल करती है तो उसे कामयाबी मिल सकती है। अगर कामयाबी नहीं मिलती है तब भी कम से कम यह तो होगा कि कांग्रेस की पहल की। मतदाताओं में यह मैसेज जाना भी मामूली नहीं है कि कांग्रेस विपक्ष को एकजुट करने का प्रयास कर रही है।