मुंबई | Arvind Trivedi Passed Away: ‘रामायण’ में रावण (Ravana) का किरदार निभाने वाले अभिनेता अरविंद त्रिवेदी का मंगलवार रात को हार्टअटैक से निधन हो गया है। उन्होंने कांदिवली स्थित अपने घर में ही अंतिम सांस ली। एक महीने पहले ही वो अस्पताल से घर लौटे थे। त्रिवेदी 82 साल के थे और लंबे समय से उम्र संबंधी कई बीमारियों से जूझ रहे थे। यहां तक की चलने-फिरने में भी असमर्थ हो गए थे। उनके निधन (Arvind Trivedi Death) से मनोरंजन जगत में शोक की लहर है।
Arvind Trivedi ने 1987 में दूरदर्शन पर प्रसारित होने वाले रामानंद सागर के सबसे लोकप्रिय सीरियल ‘रामायण’ (Ramayan) में रावण का किरदार निभाकर लोगों पर ऐसी छाप छोड़ी थी कि, जब भी रावण का नाम आता है तो उन्हीं का किरदार आंखों के सामने आ जाता है।
आज होगा अंतिम संस्कार
अरविंद त्रिवेदी के निधन से मनोरंजन जगत के साथ ही उनके फैंस में भी शोक छा गया है। त्रिवेदी अपनी अदाकारी के जरिए लाखों लोगों के दिलों पर राज करते थे। उनके बीमार रहने के दौरान भी उनके फैंस उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करते रहे हैं। त्रिवेदी का अंतिम संस्कार आज बुधवार को कांदिवली के डहाणूकर वाड़ी श्मशान घाट में किया जाएगा।
अरविंद त्रिवेदी का अभिनय करियर
Arvind Trivedi Passed Away: अरिवंद त्रिवेदी ने ‘रामायण’, ‘विक्रम और बेताल’ के अलावा कई और हिंदी सीरियल्स और फिल्मों में भी काम किया। उन्होंने 300 से भी अधिक गुजराती और हिंदी फिल्मों में काम किया और अनेकों गुजराती नाटकों में अपने दमदार अभिनय के दम पर लोगों के दिलों पर कब्जा जमाया।
राजनीति में भी मारी बाजी, लोकसभा सांसद रहे
अरविंद त्रिवेदी ने एक कलाकार की भूमिका ही नहीं निभाई बल्कि राजनीति में भी धूम मचाई। त्रिवेदी ने गुजरात के साबरकांठा से बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। वह 1991 से 1996 तक लोकसभा के सांसद रहे।