
संत कबीर नगर
दिनांक 01.10.2019 अपरान्ह को राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ, एवं जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, संत कबीर नगर लक्ष्मीकान्त शुक्ल के निर्देशानुसार जिला प्राधिकरण के सचिव/न्यायिक अधिकारी हरिकेश कुमार द्वारा जिले में संचालित वृद्धाश्रम का निरीक्षण किया गया। उक्त वृद्धाश्रम हनुमंत ग्रमोद्योग सेवा समिति लखनऊ द्वारा संचालित एवं समाज कल्याण विभाग द्वारा मान्यता प्राप्त है। निरीक्षण के समय प्रबन्धक रंजीत कुमार, स्टोर कीपर विकास कुमार एवं गार्ड दद्न चौधरी उपस्थित मिले। वर्तमान में वृद्धाश्रम में कुल 32 वृद्ध आवासित हैं। जिनमें मौके पर 22 उपस्थित थे जबकि अन्य वैक्सीन लगवाने हेतु हास्पिटल या किसी अन्य कार्य से बाहर गये हुए थे। इन संवासियों में 11 महिला और 21 पुरूष हैं। सभी पारिवारिक कलह की वजह से अपना घर परित्याग कर वृद्धाश्रम मे आवासित हैं। 02 संवासी गैर राज्य से हैं जिनमें बिहारीदास झारखण्ड एवं गोपाल महाराष्ट्र से हैं। सभी संवासियों के द्वारा बताया गया कि उन्हें सुबह का नाश्ता एवं भोजन मिल चुका है। किसी प्रकार की कोई खाने-पीने व रहने की परेशानी नहीं है। सभी को कोविड-19 वैक्सीन की पहली खुराक लग चुकी है। किसी भी संवासी को कोविड-19 महामारी का संक्रमण नहीं हुआ है। प्रबन्धक रंजीत कुमार द्वारा बताया गया यदि वृद्धाश्रम से किसी संवासी की तबियत खराब होने पर जिला अस्पताल जाया जाता है तो,बताने के उपरान्त भी कोई वरीयता नहीं दी जाती है और न ही वर्तमान में कोई चिकित्सक वृद्धाश्रम में नियमित परामर्श हेतु उपस्थित आता है। अन्य कोई अनियमितता नहीं पायी गयी। वृद्धजन को उन्हें शासन द्वारा चलायी जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं के बारे में अवगत कराया गया तथा उनके विधिक अधिकारों यथा माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिक भरण पोषण अधिनियम 2007 एवं नालसा (वरिष्ठ नागरिकों के लिए विधिक सेवा योजना) 2016 के प्रावधानों के बारे में तथा सरकार द्वारा संचालित विधवा पेंशन, वृद्धा पेंशन, दिव्यांगजन पेंशन एवं स्वास्थ्य सम्बन्धी लाभकारी योजनाओं के बारे में विस्तारपूर्वक बताते हुए विधिक जानकारी दी गयी।