नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की साइबर क्राइम यूनिट ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को धमकी भरे मेल भेजने और कांग्रेस मुख्यालय को बम से उड़ाने की धमकी भरे मेल भेजने वाले आरोपी युवक उन्नाव, यूपी निवासी अभिषेक तिवारी(28) को गिरफ्तार किया है।
आरोपी को नाला सोपारा, मुंबई से गिरफ्तार किया है। उसने मुख्यमंत्री केजरीवाल को दो धमकी भरे मेल भेजे थे और कहा था कि 15 अगस्त से पहले मरने के लिए तैयार हो जाओ।
कांग्रेस मुख्यालय को उड़ाने की धमकी दी थी। आरोपी युवक ने मुंबई के नेताओं को भी धमकी भरे मेल भेजे थे। आरोपी ने धमकी भरे मेल अपने मोबाइल से भेजे थे।
साइबर क्राइम यूनिट डीसीपी अन्येश रॉय ने बताया कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल कार्यालय की तरफ से साइबर क्राइम यूनिट में धमकी भरे मेल मिलने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। मामला दर्जकर एसीपी रमन लांबा की देखरेख में इंस्पेक्टर मनोज, इंस्पेक्टर विजय गहलावत और सुनील धानकर की टीम ने तफ्तीश शुरू की।
पुलिस टीम ने मुंबई और कानपुर में दबिश दी। आखिरकार आरोपी को अभिषेक तिवारी को नाला सोपारा, मुंबई की एक चॉल से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसका मोबाइल जब्त कर लिया है।
उसने सारे धमकी भरे मेल अपने मोबाइल से ही भेजे थे। अभिषेक मुंबई में फर्नीचर फोम डिस्टीब्यूटर के पास डिलीवर ब्वॉय की नौकरी करता था। वह अपने नौकरी व जिंदगी से संतुष्ट नहीं था। सभी का अपनी तरफ ध्यान खींचना चहाता था।
आरोपी ने राजनेताओं को जुलाई महीने में धमकी भरे मेल भेजना शुरू किया। शुरू में उसने मुंबई के तीन से चार राजनेताओं को धमकी भरे मेल भेजे थे। इसके बाद उसने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को 28 जुलाई व 30 जुलाई को दो धमकी भरे मेल भेजे।
इन मेल में उसने लिखा था कि 15 अगस्त से पहले मरने को तैयार हो जाओ। इसके कांग्रेस को मेल भेजा कि कांग्रेस के हैडक्वाटर को बम से उड़ा दिया जाएगा।