नई दिल्ली: अच्छी नौकरी की चाह में एक शख्स के चंगुल में फंसकर एक युवती दिल्ली के जीबी रोड स्थित एक कोठे पर पहुंच गई। युवती को एक शख्स दिल्ली लाया और उसे कोठे पर बेच दिया। वहां उसे जबरन देह व्यापार में धकेल दिया गया।
इसकी जानकारी मिलने पर युवती का भाई पहले ग्राहक बनकर कोठे पर पहुंचा फिर इसकी शिकायत महिला आयोग और संबंधित थाना पुलिस से की। शिकायत के बाद दिल्ली महिला आयोग और पुलिस ने छापामारी कर युवती को मुक्त कराया। पुलिस ने कोठा संचालिका को गिरफ्तार कर लिया है।
मूलरूप से पश्चिम बंगाल की रहने वाली युवती एक नामी कंपनी में नेटवर्किंग बिजनेस करती थी। इस युवती को एक शख्स बीते 8 जून को नौकरी दिलाने का झांसा देकर दिल्ली ले आया।
यहां आने के बाद उस शख्स ने युवती को जीबी रोड के कोठे पर बेच दिया। युवती के भाई की ओर से 8 अगस्त को की गई शिकायत के बाद दिल्ली महिला आयोग ने कमला मार्केट पुलिस के साथ मिलकर युवती को मुक्त कराया। पुलिस आरोपी महिला से पूछताछ कर रही है।