आनन्द कुमार त्रिपाठी को मिला राज्य स्तरीय पुरस्कार
संतकबीरनगर

शासन स्तर पर गठित समिति द्वारा राज्य पुरस्कार-2020 हेतु दिव्यांगजन के निमित्त कार्यरत सर्वश्रेष्ठ व्यक्ति हेतु श्री आनंद कुमार त्रिपाठी का चयन किया गया है। यह पुरस्कार उत्तर-प्रदेश सरकार की तरफ से स्वयं मुख्यमंत्री उन्हें प्रदान करेंगे। आनंद कुमार त्रिपाठी श्री सुभाष चन्द्र त्रिपाठी के बड़े बेटे हैं एवं ग्राम-पैली खास, खलीलाबाद, संतकबीरनगर के निवासी है। वे कुशहरदीन शिक्षा सेवा समिति द्वारा दिव्यांगजनो के लिए चलाये जाने वाले ‘एहसास डे केयर सेंटर’ के निदेशक हैं। वे पिछले 11 वर्षों से जनपद के दिव्यांग बच्चों को शिक्षा एवं थेरेपी आदि के माध्यम से निःशुल्क सेवा प्रदान करते रहे है। उनके कार्यों को संगठित रूप देने के लिये ही एहसास डे केयर सेंटर की स्थापना की गई। यहाँ वह लगभग 300 बच्चों को निःशुल्क शिक्षण-प्रशिक्षण एवं थेरेपी प्रदान करते हैं। सेंटर तक न आ सकने में समर्थ दिव्यांग बच्चों के लिए वे घर घर जाकर भी सेवा कार्य करते हैं। ऐसे घरों की संख्या वर्तमान में 80- 90 के आसपास है। पूछे जाने पर कुशहरदीन सेवा समिति के संरक्षक विजय पाण्डेय बताते है कि श्री आनन्द के कार्य विशुद्ध सेवा भाव से संचालित रहे है एवं इसके लिए उन्होंने कभी कोई शुल्क या मानदेय नही लिया और अपनी आजीविका के लिए वे निजी ट्यूशन्स आदि पर निर्भर रहे हैं।
इस कार्य की प्रेरणा आपको कहाँ से मिली ? इस बात का जवाब देते हुए आनन्द कुमार त्रिपाठी ने बताया कि किशोरावस्था में एक दिव्यांग बच्चे के पिता को उन्होंने देखा जो अपने बच्चे के कष्ट से व्यथित होकर अपने ही दिव्यांग बच्चे की मृत्यु की कामना कर रहा था। वे बताते है कि इस घटना ने उनके मन को छलनी कर दिया और उन्होंने आजीवन दिव्यांगजनो की सेवा में आ जाने का व्रत लिया। उन्होंने अपने कार्यों में सहयोग के लिये उन्होंने विशेष रूप से कुशहरदीन शिक्षा सेवा समिति के संरक्षक श्री विजय पाण्डेय (पुत्र- ओम प्रकाश पाण्डेय, खलीलाबाद) का नाम लिया उन्होंने जनपद संतकबीरनगर की दिव्यांग कल्याण अधिकारी प्रियंका यादव, जनपद की पूर्व दिव्यांग कल्याण अधिकारी विजय लक्ष्मी मौर्य, पूर्व जिलाधिकारी रवीश गुप्ता, वर्तमान जिलाधिकारी जिलाधिकारी दिव्या मित्तल, सी०आर०सी० गोरखपुर के निदेशक रमेश पाण्डेय को उनके स्नेह-सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
संस्था के शिक्षक/शिक्षिकाओं प्रतिमा दुबे, पूर्णिमा मिश्र, पूजा मिश्रा, कन्हैय्या लाल, अनूप त्रिपाठी, अमित राजपूत, आलोक मिश्रा, रवींद्र कुमार, सूरज त्रिपाठी ने श्री आनन्द कुमार त्रिपाठी को उनके चयन के लिये बधाई दी।