रोजाना 400 लोगों की कोरोना जांच, अब तक 7219 लोगों की हुई जांच
– 5026 लोगों के लिए गए हैं रैण्डम सैम्पल, 198 सैम्पल रिपीट
– जांच में 231 लोग मिले हैं कोरोना पाजिटिव

संतकबीरनगर, 29 जून 2020 ( जितेन्द्र चौधरी )
जिले में पूल सैम्पलिंग के लिए बनाई गई टीमें हर रोज 400 लोगों की कोरोना जांच कर रही हैं। जिले में अभी तक 7219 कोरोना सैम्पल लिए जा चुके हैं, जिनमें 231 लोग कोरोना पाजिटिव पाए गए हैं। वहीं 198 सैम्पल रिपीट किए गए हैं जिनसे लोगों के कोरोना मुक्त होने की पुष्टि हुई है ।
अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मोहन झा ने बताया कि अधिक से अधिक लोगों की जांच के लिए कई टीम बनाई गई हैं। यह टीम गांवों व कस्बों में जाकर रैण्डम जांच कर रही हैं। जिले के स्वास्थ्य कर्मियों के बेहतर कार्य की बदौलत जिले में रोज 400 लोगों के सैम्पल एकत्रित किए जा रहे हैं। अब तक जनपद में 7219 लोगों की जांच हो चुकी है, जिनमें से अभी तक 231 लोग पाजिटिव पाए गए हैं। जिले में कोरोना के इस समय कुल 67 एक्टिव केस हैं। इनमें से 60 लोगों को कोविड अटैच हास्पिटल खलीलाबाद में, जबकि पांच लोगों को ओपेक कैली हास्पिटल बस्ती में भर्ती कराया गया है। वहीं एक व्यक्ति का पीजीआई लखनऊ तथा एक व्यक्ति को डॉ. राममनोहर लोहिया चिकित्सालय लखनऊ में भर्ती कराया गया है । कोरोना की जांच दर को बढ़ाने का प्रयास जारी है ।
सोमवार को मिली रिपोर्ट में 14 कोरोना पाजिटिव
जिले को गोरखपुर लैब से सोमवार को 357 लोगों की रिपोर्ट मिली। इसमें से 14 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है, जबकि 343 लोगों की कोरोना जांच निगेटिव आई है। बघौली क्षेत्र के एक मरीज को सोमवार को डिस्चार्ज भी किया गया।
यह रखें सावधानियां
कोविड रैपिड रिस्पांस टीम के प्रभारी डॉ. ए के सिन्हा ने कहा कि जिले के लोग कोविड प्रोटोकाल का अनुपालन करें तथा विभिन्न सावधानियों की बदौलत इस रोग के प्रसार को रोकने में मदद करें। सार्वजनिक स्थान पर जाते समय हमेशा मुंह पर मास्क लगाए रहें। दरवाजों की हैण्डिल इत्यादि को हाथ से न छुएं । बार बार अपने हाथों को मुंह के पास तक न ले जाएं। अपने मोबाइल फोन में आरोग्य सेतु एप डाउनलोड करें। फिजिकल डिस्टेंसिंग का अनुपालन करें। सफाई पर विशेष ध्यान दें, जिससे कोरोना के प्रसार को रोका जा सके।
- भाई-बहन के पवित्र रिश्ते पर आधारित भोजपुरी फिल्म “बहन की शादी” का खलीलाबाद में भव्य मुहूर्त
- डीएम व एसपी द्वारा राजकीय संप्रेक्षण गृह(किशोर) बस्ती का किया गया औचक निरीक्षण; व्यवस्थाओं का लिया जायजा
- न्यूज़ कवरेज करने गए पत्रकार ही हुए खतरों के शिकार…
- ईद के पावन अवसर पर सभी को दिली मुबारकबाद
- संत कबीर सुर-ताल महोत्सव प्रतियोगिता