नई दिल्ली: यूपी की राजनीति में सक्रिय होने के साथ प्रियंका गांधी अब हर छोटे बड़े मुद्दे पर यूपी सरकार से सवाल करती हुई नजर आ रही हैं। सोनभद्र मामले में प्रियंका की गिरफ्तार के बाद से यूपी के राजनीतिक गलियारों में हलचल मची हुई है।
अब उत्तर प्रदेश की मित्र पुलिस का एक वीडियो ट्वीट कर प्रियंका ने फिर से पुलिस की कार्यशैली पर सवालिया निशान लगा दिया है। इससे पहले भी प्रियंका यूपी पुलिस के काम करने के तरीके पर सवाल खड़े कर चुकी हैं।
कानपुर के एक पुलिस थाने में रिपोर्ट लिखवाने गई लड़की से पुलिस वाले के गलत व्यवहार का एक वीडियो ट्वीट किया है। जिसमें उन्होंने कहा है ” छेड़खानी की रिपोर्ट लिखवाने गई लड़की के साथ थाने में इस तरह का व्यवहार हो रहा है।
एक तरफ उत्तर प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध कम नहीं हो रहे, दूसरी तरफ कानून के रखवालों का ये बर्ताव। महिलाओं को न्याय दिलाने की पहली सीढ़ी है उनकी बात सुनना।”
क्या है पूरा मामला कानपुर के नजीराबाद में मंगलवार को छेड़छाड़ की शिकायत करने पहुंची किशोरी के पहनावे पर सवाल उठाने वाले हेड कांस्टेबल तारबाबू को एसएसपी अनंत देव ने बुधवार को लाइन हाजिर कर दिया। सरोजनीनगर निवासी किशोरी से मंगलवार सुबह मोहल्ले में युवक ने छेड़छाड़ की थी।
विरोध करने पर युवक ने किशोरी के भाई की पिटाई कर दी थी। किशोरी इसकी शिकायत लेकर थाने पहुंची। आरोप था कि वहां मौजूद हेड कांस्टेबल तारबाबू ने उनके पहनावे पर ही सवालिया निशान खड़ा कर दिया।
इस घटनाक्रम का वीडियो परिजनों ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था। नजीराबाद पुलिस अभी तक पीड़िता की तहरीर पर एफआईआर दर्ज नहीं की है।