संतकबीरनगर में मिला दूसरा कोरोना पॉजिटिव, परिवार सहित 30 लोग क्वारंटीन
संतकबीरनगर ( आलमगीर )
उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले में मगहर का रहने वाला युवक जांच में कोरोना पॉजिटिव निकला है। ऐसे में मरीज के परिवार के तीस सदस्यों को जिला अस्पताल भेजकर क्वारंटीन किया गया है। अब संतकबीरनगर जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या दो हो गई है।
मिली जानकारी के मुताबिक नगर पंचायत मगहर के शेरपुर रेहरवा मोहल्ले का रहने वाला 23 साल का युवक 28 मार्च को देवबंद से वापस आया था। जिस बस से युवक आया था उसमें कुल 30 लोग सवार बताए गए। दो दिन पहले युवक को जिला अस्पताल में क्वारंटीन कराया गया था और नमूना लेकर जांच के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
देर रात में आई जांच रिपोर्ट में युवक कोरोना पॉजिटिव मिला। इसकी पुष्टि डीएम रवीश गुप्त ने की है। बृहस्पतिवार की सुबह डीएम और एसपी मौके पर पहुंच गए। डीएम ने बताया कि मरीज के परिवार के सभी 30 सदस्यों को जिला अस्पताल भेजवा दिया गया है, जहां सभी क्वारंटीन रहेंगे। इसके साथ ही इनका नमूना लेकर जांच के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा जाएगा।
बनाया गया है हॉटस्पॉट
मगहर को हॉटस्पॉट बनाने के साथ कस्बे को चारों तरफ से सील कराया जा रहा है। कस्बे में आने-जाने वालों पर पूरी तरह रोक लगाया गया। कस्बे को सैनिटाइज कराने के साथ मेडिकल टीम द्वारा लगाकर घर-घर जांच कराई जाएगी।
बता दें कि पड़ोसी जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या बीस है, वहीं महराजगंज में छह व देवरिया में एक संक्रमित है। इनमें से बस्ती में चार की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है, वह महराजगंज को भी कोरोना मुक्त घोषित कर दिया गया है।