मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला
आरोग्य मेले में घर के पास मिला इलाज, जाना सेहतमंद बनने का राज
– प्रजनन स्वास्थ्य सेवाओं के साथ गर्भवती, बाल, किशोर स्वास्थ्य से जुड़ी जांच पर रहा खास जोर
– 2 शहरी स्वास्थ्य केंद्रों समेत कुल 25 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर हुई 2595 के सेहत की मुफ्त जांच
संतकबीरनगर , 02 फरवरी 2020
जितेन्द्र चौधरी


रविवारीय अवकाश का दिन इस बार जनपद के लिए सेहत की दृष्टि से बेहद खास रहा। दूर दराज के इलाकों व मलिन बस्तियों में रहने वाले 2595 लोगों को इस दिन सेहत का वरदान मिला। मौका था मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले के आगाज का। इस पहले आरोग्य मेले में जिले के 2 शहरी स्वास्थ्य केंद्रों समेत कुल 25 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर निःशुल्क जांच व इलाज की सुविधा दी गई। शहरी क्षेत्र मगहर में मेले का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष बद्री प्रसाद यादव ने किया तो ग्रामीण क्षेत्रों में भी क्षेत्रीय विधायक व ब्लॉक प्रमुख व उनके प्रतिनिधियों ने मेले का उद्घाटन किया।मेले में मौसमी बुखार की जांच के अलावा प्रजनन स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं के साथ गर्भवती, बाल और किशोर स्वास्थ्य से जुड़ी जांच पर खास जोर रहा।
जिले के चुरेब में स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पर खलीलाबाद के विधायक जय चौबे तथा जिलाधिकारी रवीश गुप्त ने मेले का उदघाटन किया। इस अवसर पर विधायक जय चौबे ने मेले का शुभारंभ करते हुए कहा कि यह सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है। लोगों तक स्वस्थ बनाने के लिए सरकार निरन्तर प्रयत्नशील है। जिलाधिकारी रवीश गुप्त ने कहा कि इस आयोजन में स्वयंसेवी योगदान के लिए निजी क्षेत्र के चिकित्सकों को भी आगे आने चाहिए। प्रयास हो कि मेले में वह सभी सुविधाएं एक ही जगह पर लोगों को मिल जाएं जिसके लिए उन्हें बाकी दिनों में कामकाज छोड़कर अस्पतालों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ हरगोविन्द सिंह ने बताया कि 23 ग्रामीण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, जबकि 2 शहरी स्वास्थ्य केंद्रों पर मार्च 2020 तक लगातार प्रत्येक रविवार को कुल 9 स्वास्थ्य मेले लगाए जाने हैं। मेले का आयोजन सुबह दस बजे से अपराह्न 2.00 बजे तक किया जाएगा। मेले के नोडल अधिकारी डॉ ए के सिन्हा ने बताया कि कुल 2595 मरीजों का मेले में इलाज किया गया। इसमें 1185 पुरुष, 1131 महिला तथा 279 बच्चे शामिल थे।
इस अवसर पर मेले के नोडल अधिकारी डॉ ए के सिन्हा समेत, एसीएमओ आरसीएच डॉ मोहन झा, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ एस रहमान, जिला मलेरिया अधिकारी अंगद सिंह, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ एसडी ओझा, जिला कुष्ठ रोग अधिकारी डॉ वेद प्रकाश पाण्डेय, एपीडेमियोलाजिस्ट मुबारक अली, डीपीएम विनीत श्रीवास्तव, डीसीपीएम संजीव सिंह, जिला समन्वयक आर के एस के दीनदयाल वर्मा, मनीष मिश्रा, प्रमुख तौर से मौजूद रहे।
मेंहदावल में विधायक राकेश तो मगहर में भाजपा जिलाध्यक्ष ने किया उदघाटन
मेलों के उदघाटन तथा लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में जनप्रतिनिधि भी पूरी तरह से उत्साह में दिखे।
मेंहदावल विधानसभा क्षेत्र के हरैया मुसहरा स्वास्थ्य केन्द्र पर विधायक मेंहदावल राकेश सिंह बघेल ने मेले का उदघाटन किया तथा यह कहा कि जनता को रोगमुक्त करना ही शासन की मंशा है। वहीं मगहर नगरीय स्वास्थ्य केन्द्र पर मेले का उदघाटन भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष बद्री प्रसाद यादव ने किया। उन्होने कहा कि शक्तिशाली भारत की संकल्पना तभी साकार होगी जब हमारे लोग स्वस्थ होंगे। इसके अतिरिक्त अन्य केन्द्र पर स्थानीय जनप्रतिनिधियो ने मेले का उदघाटन किया ।
मेले में मिलीं सुविधाएं
· बुखार समेत मौसमी बीमारियों की जांच
· गर्भवती व बच्चों का टीकाकरण
· दवा और सभी पैथालॉजी की जांच निःशुल्क
· निःशुल्क सैनेटरी नैपकीन वितरण
· नसबंदी के लिए पंजीकरण
· आंखों की निःशुल्क जांच
· क्षय रोग की जांच
· परिवार नियोजन के अस्थायी साधन का निःशुल्क वितरण
आयुष्मान का गोल्डेन कार्ड भी बना
मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में आयुष्मान भारत योजना के स्टॉल लगा कर 139 लोगों के गोल्डेन कार्ड भी बनाए गए। सीएमओ ने बताया कि प्रत्येक रविवारीय स्वास्थ्य मेले में प्रयास होगा कि ज्यादा से ज्यादा केंद्रों पर कैंप लगा कर लाभार्थियों को गोल्डेन कार्ड की सुविधा प्रदान की जाए।
ये सुविधाएं भी रहीं मौजूद
· चिकित्सा व उपचार के अलावा संदर्भन की सुविधा
· गर्भावस्था, प्रसवकालीन व जन्म पंजीकरण का परामर्श
· बच्चों में डायरिया, निमोनिया रोकने के लिए परामर्श सुविधा
· मलेरिया, डेंगू, फाइलेरिया व कुष्ठ की स्क्रीनिंग
· बीपी, शुगर, मुख, स्तन एवं सर्वाइकल कैंसर की स्क्रीनिंग
· तंबाकू और मद्यपान छोड़ने के लिए परामर्श
संयुक्त निदेशक ने किया पर्यवेक्षण
मेले के पर्यवेक्षण के लिए लखनऊ से संयुक्त निदेशक स्तर के अधिकारी को भेजा गया था। उन्होने जिले के दुधारा, बूधा कला व बघौली में जाकर मेले का निरीक्षण किया। उन्होने स्टालों पर जाकर मेले की गतिविधियों के बारे में जाना तथा उनका कुशल क्षेम भी पूछा।
चित्र परिचय –
1- प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र चुरेब पर मेले का उदघाटन करते हुए विधायक जय चौबे तथा जिलाधिकारी रवीश गुप्त व अन्य अधिकारीगण
2- जांच कराते हुए जिलाधिकारी रवीश गुप्त
3- मेले में अपना इलाज कराते हुए क्षेत्र के लोग
4- मगहर में मेले का उदघाटन करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष बद्री यादव