संत कबीर नगर = जनपद के बेलहर कला क्षेत्र अंतर्गत बरगदवा कला में प्रस्तावित ‘सी.एम युवा उद्यम सिटी’ परियोजना को लेकर उद्योग विभाग की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में डिप्टी कमिश्नर (इंडस्ट्रीज) राजकुमार शर्मा और बेहतर उत्पाद निर्माण के लिए प्रसिद्ध कंपनी रिलेक्सो डोमस्वेयर एलएलपी के निदेशक अब्दुल्लाह खान ने भाग लिया।
बैठक के दौरान बरगदवा कला क्षेत्र में औद्योगिक इकाइयों की स्थापना, निवेश की संभावनाओं तथा स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग पर विस्तार से चर्चा हुई।
डिप्टी कमिश्नर इंडस्ट्रीज राजकुमार शर्मा ने बताया कि ‘सी.एम युवा उद्यम सिटी’ की परिकल्पना के अंतर्गत पूरे क्षेत्र को आधुनिक औद्योगिक एवं व्यावसायिक केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है। इससे जनपद के युवाओं को स्थानीय स्तर पर ही रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।
निदेशक अब्दुल्लाह खान ने क्षेत्र में उद्योग स्थापना को लेकर सकारात्मक रुख व्यक्त करते हुए कहा, “यदि सड़क, बिजली, जलापूर्ति एवं प्रशासनिक सहयोग जैसी आधारभूत सुविधाएं समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराई गईं तो भविष्य में निवेश की संभावनाएं और अधिक मजबूत होंगी। स्थानीय स्तर पर उत्पादन इकाइयों की स्थापना से रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और क्षेत्र की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी।”
डिप्टी कमिश्नर राजकुमार शर्मा ने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार की औद्योगिक नीतियों के तहत निवेशकों को सभी आवश्यक सुविधाएं एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सैकड़ों लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।
यह बैठक क्षेत्र के आर्थिक विकास और औद्योगिक उन्नति की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
यदि योजना मूर्त रूप लेती है तो संत कबीर नगर को एक नई औद्योगिक पहचान मिल सकती है।