शांति व्यवस्था, महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण पर विशेष जोर
सन्त कबीर नगर (बेलहर कला) दुधारा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बरगदवा कला में स्थित रिलेक्सो डोमस्वेयर कंपनी में थानाध्यक्ष दुधारा ने कंपनी निदेशक अब्दुल्लाह खान से औपचारिक मुलाकात की। बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना तथा कंपनी परिसर व आसपास की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना था।
बैठक के दौरान विशेष रूप से कंपनी में कार्यरत महिला कर्मचारियों की सुरक्षा एवं जागरूकता पर बल दिया गया। थानाध्यक्ष ने महिला कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि ड्यूटी पर आने-जाने के दौरान यदि किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, छेड़छाड़ या अन्य समस्या सामने आए, तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
बैठक में यह भी उल्लेखनीय रहा कि कंपनी में महिला सशक्तिकरण की स्थिति बेहद सराहनीय और उचित है, जहां महिलाओं को समान अवसर, सुरक्षित वातावरण और विकास के लिए प्रोत्साहन मिलता है, जो क्षेत्रीय स्तर पर एक आदर्श उदाहरण प्रस्तुत करता है।
यह बैठक न केवल सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में एक सकारात्मक कदम है, बल्कि महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने वाले प्रयासों को भी रेखांकित करती है।