
- लीगल एड डिफेंस काउंसिल के चीफ पहुंचे जिला कारागार
संतकबीरनगर: जनपद न्यायाधीश महेंद्र प्रसाद चौधरी के निर्देशन व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव व अपर जिला जज महेंद्र कुमार सिंह के पहल पर शुक्रवार को लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के चीफ अन्जय कुमार श्रीवास्तव जिला कारागार पहुंचे। उन्होंने कारागार में निरुद्ध कैदियों के पैरवी के समस्याओं से रुबरु होकर उसके निराकरण के प्रति आश्वस्त किया।
गोंडा कारागार से स्थानांतरित होकर आए कैदी क्यूम आलम ने कहा कि वह बेतिया बिहार का रहने वाला सजायाफ्ता कैदी है। लगभग दो साल से जनपद के कारागार व इसके पूर्व लगभग छह साल से गोंडा के कारागार में निरुद्ध रहा है। उच्च न्यायालय में अपील से संबंधित जानकारी नही मिल पा रही है। वहीं मेंहदावल निवासी विजय साहनी ने मामले को शीघ्र निस्तारण कराए जाने की मांग किया। इसी थानाक्षेत्र के आपराधिक मानव वध के मामले में विचाराधीन कैदी शंकर गौंड ने जिला कारागार से छुड़वाने तथा पुनः कोई अपराध न करने की बात कही। इस प्रकार से लगभग दर्जन भर कैदियों ने अपनी समस्याओं को रखते हुए निराकरण को मांग किया, जिसके निराकरण के प्रयास किए जाने की बात कही गई। इस दौरान मुख्य रुप से डिप्टी लीगल एड डिफेंस काउंसिल संजीव कुमार पांडेय, उपकारागार पाल गीतारानी, जेल के परा स्वयं सेवक पंकज कुमार, अमरजीत यादव समेत अन्य कैदी उपस्थित रहे।