जिले के 20 इण्टर कालेजों में सजेगा किशोर स्वास्थ्य मंच
– 22 और 24 अगस्त को मंच के तहत होंगे किशोरों से जुड़े आयोजन
– किशोरों की समस्याओं के अलावा उनके स्वास्थ्य पर भी होगी चर्चा
– हर ब्लाक क्षेत्र और शहरी क्षेत्र से चयनित हैं दो – दो इण्टर कालेज
संतकबीरनगर, 20 अगस्त 2019
जितेन्द्र चौधरी

किशोरों में स्वास्थ्य सम्बन्धी जागरुकता लाकर उनकी सेहत सुधारने के उद्देश्य से जिले के ग्रामीण ब्लाक क्षेत्रों और शहरी क्षेत्र के 20 इण्टर कालेजों में किशोर स्वास्थ्य जागरुकता मंच का आयोजन आगामी 22 व 24 अगस्त को होगा। इसके लिए इण्टर कालेजों को चयनित कर लिया गया है। साथ ही सम्बन्धित ब्लाक क्षेत्रों के पदाधिकारी भी तैयारी कर रहे हैं।
राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के जिला समन्वयक दीनदयाल वर्मा ने यह जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2018 – 19 में यह कार्यक्रम प्रदेश के 25 जनपदों में चलाया गया था। लेकिन इस कार्यक्रम को अब नए कलेवर में विस्तारित करके सभी 75 जनपदों में चलाया जा रहा है। इसके तहत जिले के 9 ब्लाक क्षेत्रों और शहरी क्षेत्र के दो – दो विद्यालयों को चयनित किया जाएगा। इन्हीं विद्यालयों में यह कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसमें किशोरों को स्वास्थ्य सम्बन्धित विविध जानकारियां दी जाएंगी। आरकेएसके टीम के नेतृत्व में कालेजों में होने वाले इन कार्यक्रमों के दौरान बीएमआई, हीमोग्लोबिन जांच के साथ ही एनीमिया और अन्य बीमारियों के बारे में बताया जाएगा। आईसीडीएस के सहयोग से विविध पोषण श्रोत वाले खाद्य पदार्थों का स्टाल लगाया जाएगा। छात्रों को एनीमिया, आयरन और आयरन फोलिक एसिड की गोलियों के साप्ताहिक सेवन की जानकारी दी जाएगी।
आयोजित होंगी विविध प्रतियोगिताएं
आयोजन में छात्र – छात्राओं के साथ एनीमिया, यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य तथा मानसिक स्वास्थ्य से सम्बन्धित क्विज पेण्टिंग प्रतियोगिता, वाद विवाद प्रतियोगिता, भाषण व अन्य प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। साथ ही साथ सम्मानित अभिभावकों के विचार भी आमन्त्रित किए जाएंगे। प्रतियोगिताओं में विजेताओं को प्रथम, द्वितीय व तृतीय श्रेणी के पुरस्कार दिए जाएंगे।
22 को इन कालेजों में होंगे आयोजन
पहले चरण में जिले के 10 इण्टर कालेजों में यह कार्यक्रम 22 अगस्त को होगा। इनमें खलीलाबाद के एचआर इण्टर कालेज, बघौली के किसान इण्टर कालेज पचपोखरी, मेंहदावल के जगदगुरु इण्टर कालेज, सांथा के रमवापुर सरकारी इण्टर कालेज, बेलहर कला के राजकीय कन्या इण्टर कालेज सिया कटाई, सेमरियांवा के एएच एग्री इण्टर कालेज दुधारा, नाथनगर के बाबा बासुदेव दास इण्टर कालेज हैसर बाजार के शंकरदेई बालिका इण्टर कालेज धनघटा, पौली के शिवशंकर बालिका इण्टर कालेज खलीलाबाद तथा शहरी क्षेत्र के राजकीय कन्या इण्टर कालेज खलीलाबाद शामिल हैं।
24 को इन कालेजों में होंगे आयोजन
दूसरे चरण में जिले के 10 इण्टर कालेजों में यह कार्यक्रम 24 अगस्त को होगा। इनमें खलीलाबाद के पं दीनदयाल उपाध्याय आश्रम पद्धति बालिका इण्टर कालेज, बघौली के बेनी माधव इण्टर कालेज बखिरा, मेंहदावल के डीएवी इण्टर कालेज, सांथा के जनता इण्टर कालेज निधुरी, बेलहर कला के आदर्श इण्टर कालेज बेलहर, सेमरियांवा के नेशनल इण्टर कालेज मूड़ाडीहा बेग, नाथनगर के किसान इण्टर कालेज सिक्टहां, हैसर बाजार के सीताराम इण्टर कालेज सिरसी, पौली के संत रामानन्द पारसदेई इण्टर कालेज व नगर क्षेत्र के आचार्य रामबिलास इण्टर कालेज शामिल हैं।
‘‘ किशोर स्वास्थ्य मंच के आयोजन के लिए जिले के 9 ब्लाकों तथा एक शहरी क्षेत्र से कुल 20 इण्टर कालेजों का चयन कर लिया गया है। इसके लिए टीमों का गठन कर दिया गया है। इनकी मानीटरिंग की भी व्यवस्था कर दी गई है। ताकि जिन उद्देश्यों को लेकर यह कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं, इन कार्यक्रमों का लाभ किशोरों को मिले और वे एक स्वस्थ भारत के निर्माण में अपनी बेहतर भूमिका अदा कर सकें।
डाॅ हरगोविन्द सिंह
सीएमओ