मुम्बई: मुंबई में एक बार फिर भारी बारिश होने से लोगों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। जगह-जगह जलभराव की वजह से गाड़ियां जाम में फंस गईं।
वहीं हवाई यात्रा करने वाले लोग भी परेशान हुए। मुंबई के छत्रपति शिवाजी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (एमआईएएल) के जनसंपर्क अधिकारी के अनुसार भारी बारिश के कारण विमान औसतन 30 मिनट देरी से उड़ान भर रहे हैं।
अधिकारियों ने बताया कि बारिश के कारण सात उड़ानें रद्द की गई हैं और 17 विमानों को डायवर्ट किया जा चुका है। मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के जनसंपर्क अधिकारी ने कहा है कि अब एयरपोर्ट पर परिचालन सामान्य है।
शहर में लगातार हो रही बारिश के बाद चेंबूर क्षेत्र में भारी जलभराव हो गया है। भारतीय मौसम विभाग ने शहर के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की भविष्यवाणी की है।
उधर, मुंबई के माटुंगा इलाके में भारी बारिश के चलते सड़कों पर पानी भर गया है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को महाराष्ट्र के तीन जिलों रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग के लिये ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी करते हुए अगले 24 घंटों में मुंबई, ठाणे और नवी मुंबई में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान जताया है।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि हमने रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों के लिये ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। ऑरेंज अलर्ट प्राधिकारियों को तैयारियों के लिए सचेत करने, जबकि रेड अलर्ट खराब हालात के मद्देनजर उन्हें कार्रवाई करने का निर्देश देने के लिए होता है।
अधिकारी ने कहा कि मुंबई, ठाणे और रायगढ़ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है जबकि पालघर जिले के छिटपुट इलाकों में भारी बारिश का अनुमान है।