सहारनपुर:उत्तर प्रदेश की सहारनपुर पुलिस ने उन सभी मीडिया रिपोर्टों को गलत बताया है, जसमें क्वॉरेंटाइन किए गए तब्लीगी जमातियों के बारे में कहा जा रहा था कि वो लोग खाने में नॉनवेज की मांग कर रहे है और नॉनवेज न मिलने पर हंगामा कर रहे है। पुलिस ने उन खबरों को भी फेक न्यूज़ करार दिया है, जिसमें कहा जा रहा था कि वह लोग खुले में शौच कर रहे है।
सहारनपुर पुलिस ने अपने बयान में कहा, “अवगत कराना है, कि विभिन्न समाचार पत्रों, न्यूज़ चैनल एवं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रकाशित की जा रही खबर ‘क्वॉरेंटाइन किए गए जमातियों ने खाने में नॉनवेज न मिलने पर किया जमकर हंगामा, जमातियों ने खुले में ही कर डाली शौच’की सत्यता की जांच एवं आवश्यक कार्यवाही हेतु थाना प्रभारी रामपुर मनिहारान को निर्देश दिए गए थे। जिसके द्वारा जांच की गई तो जांच में विभिन्न समाचार पत्रों, न्यूज़ चैनलों एवं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रकाशित की जा रही उक्त खबर पूर्ण रूप से गलत एवं असत्य पाई गई है। सहारनपुर पुलिस उन प्रकाशित खबर का पूर्णत: खंडन करती हैं।”