हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गणतंत्र दिवस

गोरखपुर ब्यूरों:-गंगोत्री देवी महिला महाविद्यालय एवं स्कूल ऑफ नर्सिंग के संयुक्त तत्वावधान में 71वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया।सर्वप्रथम भारत मां को नमन करके वीर सपूतों को श्रद्धा सुमन अर्पित किया गया। इसके पश्चात दीप प्रज्ज्वलन से कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश विधानपरिषद के पूर्व सभापति गणेश शंकर पांडेय ने कहा कि गणतंत्र दिवस स्वाधीनता सेनानियों के बलिदान का स्मरण कराने के साथ ही संवैधानिक कर्तव्यों के प्रति सचेत भी करता है। यह राष्ट्रीय पर्व आत्मचिंतन करने व महान देशभक्तों के सपनों एवं लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए प्रतिबद्ध होने का अवसर प्रदान करता है।कॉलेज के व्यवस्थापक आशुतोष मिश्र ने कहा कि सामाजिक समरसता व सौहार्द्र के प्रतीक गणतंत्र दिवस का यह शुभ अवसर हमें संविधान निर्माताओं की याद दिलाता है। आइए, संवैधानिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प लेकर भारतीय लोकतंत्र को सशक्त बनाने में सहभागी बनें। हमें अपने भारत देश को एक सफल, विकसित और स्वच्छ देश बनाना होगा. हमें अपने भारत देश की गरीबी, बेरोजगारी, अशिक्षा, ग्लोबल वार्मिंग, असमानता, आदि जैसे चीजों को अच्छी तरह समझना होगा और इनका हल निकालना होगा।महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ पूनम शुक्ला ने आगन्तुकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हमने एक ही संविधान में हमारे पूर्ण महान और विशाल देश के अधिकार को पाया है. जो देश में रह रहे सभी पुरुषों और महिलाओं के कल्याण की जिम्मेदारी लेता है।खेद का विषय है कि आजादी के इतने वर्षों के बाद भी हम आज अपराध, भ्रष्टाचार और हिंसा जैसी समस्याओं से लड़ रहे हैं. अब समय आ गया है कि हमें दोबारा एक साथ मिलकर अपने देश से इन बुराइयों को बाहर निकाल फेंकना है जैसे कि स्वतंत्रता सेनानी नेताओं ने अंग्रेजों को हमारे देश से निकाल दिया था ।
कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ रजनी मिश्रा ने किया।कार्यक्रम मे नर्सिंग कालेज की प्राचार्या लोरिटा याकूब, उपप्राचार्या डॉ प्रियंका त्रिपाठी, डा. अर्चना तिवारी , डा.आभा गुप्ता, डॉ गौरी पाण्डेय,श्रीमती प्रत्या उपाध्याय, डा.सुषमा मिश्रा, डा.सीमा मणी त्रिपाठी, डा.दिव्या शुक्ला,डा.सीमा श्रीवास्तव , डॉ करुणा, डॉ अजिता , डा.आशा पाण्डेय, डा. सान्त्वना श्रीवास्तव, डा. दीपान्जली श्रीवास्तव , आर वाशिंगटन, अराधना यादव,सत्या समेत अन्य समस्त शिक्षकगण तथा कर्मचारीगण व छात्राएं उपस्थित थी।
चौरी चौरा से प्राप्त खबर के अनुसार गणतंत्र दिवस के अवसर पर चौरी चौरा तहसील प्रांगण में विधायक संगीता यादव एसडीएम अर्पित गुप्ता,तहसीलदार रत्नेश तिवारी के अलावा लेखपालगण कर्मचारीगण आदि लोग उपस्थित थे। इसके अलावा विधायक ने कई ग्रामसभाओं में भी ध्वाजारोहण किया। हमारे प्रतिनिधि से मिले खबर के अनुसार जेबी महाजन डिग्री कालेज चौरी चौरा पर प्रबंधक ईश्वरचंद जायसवाल नगर पंचायत मुण्डेरा बाजार पर नगर अध्यक्ष सुनीता गुप्ता ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर पूर्व नगर अध्यक्ष जेपी गुप्ता, समस्त सभासदगण व अधिकारी, कर्मचारीगण आदि लोग उपस्थित थे। नगर अध्यक्ष व जेपी गुप्ता ने कई विधालयों पर भी ध्वजारोहण किया।