
- जिला कारागार में आयोजित हुआ बंदी समस्या समाधान दिवस
संतकबीरनगर: जनपद न्यायाधीश रणधीर सिंह के निर्देशन तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव व न्यायिक अधिकारी सुनील कुमार सिंह के पहल पर शुक्रवार को जिला कारागार में बंदी समस्या समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मौजूद लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के चीफ अन्जय कुमार श्रीवास्तव ने विभिन्न बंदियों के समस्याओं को सुनकर शीघ्र निराकरण हेतु आश्वासन दिया। इस दौरान चोरी के मुकदमे में निरुद्ध एक बंदी ने कहा कि वह जुर्म स्वीकार कर मामले को समाप्त कराना चाहता है।
कोतवाली खलीलाबाद के मुखलिसपुर चौक निवासी मो.आसिफ ने कहा कि उसके खिलाफ चोरी के कई मुकदमें विचाराधीन है। वह जुर्म स्वीकार कर व मुकदमा समाप्त कर जेल से रिहा होना चाहता है। इसी थानाक्षेत्र के काशीराम आवास निवासी सूरज विश्वकर्मा ने कहा कि वह दुष्कर्म के मुकदमें में आरोपित है। उसके पास पैरवी करने वाला कोई नही है। उसने सरकारी अधिवक्ता से मामले की पैरवी कराए जाने की माँग की। इसी प्रकार महुली थानाक्षेत्र के निवासी सूर्यप्रकाश ने कहा कि वह भी आर्म्स एक्ट के मुकदमें में जुर्म स्वीकार करना चाहता है। बखिरा थानाक्षेत्र के बूंदीपार निवासी परमेश्वर ने कहा कि वह मारपीट करने के मामले में जिला कारागार में निरुद्ध है। उनके पास पैरवी करने के लिए कोई नही है। उन्होंने ने भी अपने मामले की पैरवी सरकारी अधिवक्ता से कराए जाने की बात कही। चोरी के एक अन्य मामले में निरुद्ध कोतवाली खलीलाबाद के बगहिया निवासी सुधीर चौरसिया ने कहा कि उसकी चोरी के मामले में जमानत हो चुकी है, परंतु जमानतदार के अभाव में रिहा नही हो पा रहा है। इस प्रकार दर्जनों बंदियों ने अपनी समस्या रखी, जिनके समाधान हेतु उन्हें आश्वासन दिया गया।
इस दौरान मुख्य रुप से डिप्टी जेलर स्वाति यादव, हरिकेश कुमार, असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल प्रज्ञा श्रीवास्तव, जेल पैरा लीगल वालंटियर सुनील कुमार समेत अनेक बंदी मौजूद रहे।